HomeBreaking Newsदिवाली पर मायके आई इंडिगो कर्मचारी की जंगल में मिली लाश, पुलिस...

दिवाली पर मायके आई इंडिगो कर्मचारी की जंगल में मिली लाश, पुलिस को दोस्तों पर शक…

दिवाली का त्योहार मनाने अपने मायके आई इंडिगो(IndiGo) की एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंद्रानी वन क्षेत्र में उनका खून से लथपथ शव मिला। मृतका की पहचान वर्षा तुर्कर के रूप में हुई है, जो पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो के टिकट काउंटर पर काम करती थीं। पुलिस इस मामले में उनके साथ मौजूद दोस्त से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

जानकारी के मुताबिक, वर्षा मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की रहने वाली थीं। वह अपनी ढाई साल की बेटी के साथ दिवाली मनाने मायके पहुंची थीं। उनकी शादी साल 2024 में हुई थी, जबकि उनके पति फिलहाल इंदौर में रहते हैं। परिवार के साथ त्योहार मनाने आई वर्षा को अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनके लिए आखिरी साबित होगा।

दोस्त के साथ घूमने गई थीं वर्षा

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4 बजे वर्षा अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ घूमने निकली थीं। दोनों वैनगंगा नदी के किनारे गए थे। कुछ समय बाद नितेश ने वर्षा के परिवार को किसी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर परिजन महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा के पास स्थित बोंद्रानी जंगल पहुंचे। वहां वर्षा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके शरीर से काफी खून बह रहा था। परिवार के लोग उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए लेकिन डॉक्टरों ने शाम करीब 7 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोस्त के बयान से पुलिस को हुआ शक

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वर्षा पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, नितेश ने दावा किया कि कुछ नकाबपोश अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर लूटपाट की थी।

हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। कथित हमले के बावजूद नितेश के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। इसके अलावा, उसके बयानों में भी कुछ विरोधाभास सामने आए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

वर्षा के पिता ने बताया कि वह उनकी सबसे बड़ी बेटी थीं और उन्हें घटना की जानकारी बाद में मिली। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर वर्षा की मौत कैसे हुई, क्या वास्तव में लूटपाट की कोशिश हुई थी और इस घटना में कौन शामिल था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामले की जांच जारी है और फिलहाल किसी की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें : चीन को भी भाया छठ का महापर्व! कहा- सूरज की पूजा में भारत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments