Connected Car Security: आजकल इंटरनेट और आधुनिक तकनीक से लैस कारें सुविधाओं के साथ साइबर हमलों का खतरा भी लेकर आ रही हैं। हैकर मोबाइल ऐप, वायरिंग, स्मार्ट चाबी और डायग्नोस्टिक पोर्ट के जरिए गाड़ी को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में कार मालिकों के लिए जरूरी है कि वे कुछ सावधानियां बरतें, ताकि उनकी गाड़ी और निजी जानकारी सुरक्षित रहे।
पहियों पर चलता-फिरता कंप्यूटर बन गई हैं कारें
आज की मिड-साइज पारिवारिक एसयूवी केवल एक वाहन नहीं, बल्कि पहियों पर चलता-फिरता कंप्यूटर बन चुकी हैं। इनमें 50 से 100 तक इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECUs), कई किलोमीटर लंबी CAN वायरिंग और लाखों सॉफ्टवेयर कोड मौजूद होते हैं। इंटरनेट से जुड़े मॉडम के जरिए कार लगातार कंपनी के सर्वर से संपर्क में रहती है। इसी तकनीक की मदद से स्मार्टफोन ऐप के जरिए इंजन चालू करने, एसी चलाने, जीपीएस से गाड़ी की जगह देखने और दरवाजे खोलने-बंद करने जैसी सुविधाएं मिलती हैं। हालांकि, इन सुविधाओं के साथ साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ गया है।
मोबाइल ऐप और कंपनी के सर्वर से हो सकता है हमला
हुंडई ब्लूलिंक, टाटा आईआरए, महिंद्रा एड्रेनोक्स, सुजुकी कनेक्ट और एमजी आई-स्मार्ट जैसे सिस्टम कार को कंपनी के क्लाउड सर्वर से जोड़ते हैं। यदि इनकी एपीआई यानी ऐप और सर्वर के बीच जानकारी के आदान-प्रदान की व्यवस्था में सुरक्षा की कमी रह जाए, तो हैकर इसका फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके जरिए वे कार की जगह, दरवाजों और हॉर्न जैसे फीचर्स तक अनधिकृत पहुंच बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
वायरिंग और स्मार्ट चाबी भी बन सकती है चोरी का रास्ता
कार के अलग-अलग हिस्से CAN नेटवर्क के जरिए एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। हैकर हेडलाइट या बंपर सेंसर की वायरिंग तक पहुंचकर उसमें नकली संकेत भेजने की कोशिश कर सकते हैं। इससे कार के लॉक और इमोबिलाइजर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को निशाना बनाया जा सकता है।
वहीं, स्मार्ट चाबी के मामले में रिले अटैक का खतरा रहता है। इसमें दो विशेष उपकरणों की मदद से घर के अंदर रखी स्मार्ट चाबी का संकेत कार तक पहुंचाया जाता है। कार को लगता है कि चाबी उसके पास ही है और वह अनलॉक हो सकती है।
OBD-II पोर्ट से भी हो सकती है छेड़छाड़
कार के डैशबोर्ड के नीचे मौजूद OBD-II पोर्ट का इस्तेमाल गाड़ी की जांच और तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए किया जाता है। चोर इस पोर्ट में विशेष उपकरण लगाकर नई चाबी प्रोग्राम करने या इमोबिलाइजर की सेटिंग बदलने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए इस पोर्ट की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्या हैकर ब्रेक और स्टीयरिंग पर कर सकते हैं कब्जा?
फिल्मों की तरह दूर बैठकर किसी कार के स्टीयरिंग और ब्रेक पर नियंत्रण हासिल करना आसान नहीं है। आधुनिक कारों में मनोरंजन और सूचना से जुड़े सिस्टम को ब्रेक और इंजन जैसे जरूरी हिस्सों के नेटवर्क से अलग रखा जाता है। इनके बीच सेंट्रल गेटवे फायरवॉल होता है, जो संदिग्ध आदेशों को रोकने का काम करता है। फिलहाल बड़ा खतरा कार चोरी, निजी जानकारी की निगरानी और बिना अनुमति गाड़ी में प्रवेश से जुड़ा है।
भारत में कारों की साइबर सुरक्षा के लिए नियम
भारत में कारों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए AIS-189 और AIS-190 जैसे मानक लागू किए गए हैं। AIS-189 के तहत वाहन कंपनियों के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़े इंतजाम जरूरी किए गए हैं। इनमें सुरक्षित हार्डवेयर, संचार व्यवस्था और संभावित खतरों की जांच शामिल है। वहीं, AIS-190 सॉफ्टवेयर अपडेट की सुरक्षा पर ध्यान देता है, ताकि ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट के दौरान कोई छेड़छाड़ न कर सके।
इन सावधानियों से सुरक्षित रख सकते हैं अपनी कार
कार मालिक स्मार्ट चाबी को घर में फैराडे पाउच में रख सकते हैं, जिससे उसका संकेत बाहर न पहुंचे। स्टीयरिंग या पैडल लॉक लगवाने से चोरी करना मुश्किल हो सकता है। OBD-II पोर्ट पर सुरक्षा लॉक लगवाना भी उपयोगी है। इसके अलावा कार के मोबाइल ऐप में मजबूत पासवर्ड और बायोमेट्रिक पहचान की सुविधा रखें।
डैशकैम या अन्य उपकरण लगवाते समय तार काटने के बजाय प्लग-एंड-प्ले कनेक्टर का इस्तेमाल करें। साथ ही, कार का सॉफ्टवेयर समय-समय पर अपडेट करते रहें। इन छोटे-छोटे उपायों से कार को साइबर हमलों और चोरी के खतरे से बचाने में मदद मिल सकती है।
Read More:

