Narela Diwali Accident: दिल्ली में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गईं। राजधानी के नरेला इलाके में पटाखा जलाते समय रॉकेट की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। रॉकेट सीधे बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
पूजा के बाद पटाखे जलाते समय हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में दिवाली की रात हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने बताया कि दिवाली पर पूजा-पाठ संपन्न होने के बाद परिवार के लोग पटाखे जला रहे थे। इस दौरान 10 साल का बच्चा भी रॉकेट छोड़ रहा था।
इसी बीच रॉकेट आसमान की ओर जाने के बजाय अचानक बच्चे के पेट में जा लगा। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग बिना देर किए बच्चे को नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा
मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजन आक्रोशित हो गए। परिवार वालों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज मिलता तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।
इस बीच बच्चे के पिता को भी उसकी मौत की सूचना दी गई। खबर सुनकर वह अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्चे का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान हुई लापरवाही के परिजनों के आरोपों की भी जांच की जानी बाकी है।
दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं
इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले दिवाली की रौनक और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। बच्चे की मौत की खबर से राजीव कॉलोनी और आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है। दिवाली की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
Read More:


[…] […]