जालंधर में स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के छोटे बेटे और पंजाबी सिंगर यो यो हनी सिंह के भतीजे दिवित ओलक का बुधवार दोपहर अंतिम संस्कार किया गया। मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शव वाहन के घर पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट ले जाया गया। पिता दिनेश ओलक ने चिता को मुखाग्नि दी।
पंजाबी गायकों और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दिवित की अंतिम विदाई में पंजाबी संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। हनी सिंह, अमृत मान, सतिंदर सरताज, सरबजीत चीमा, बूटा मोहम्मद, जी खान, रंजीत बावा, गिप्पी ग्रेवाल और सुमित समेत कई गायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कई पंजाबी गायकों ने दिवित की अर्थी को कंधा भी दिया। मेयर विनीत धीर, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और शहर के कई नेता व समाजसेवी भी अंतिम संस्कार में मौजूद रहे।
शनिवार रात सड़क हादसे में गई थी जान
दिवित ओलक की शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क पर नगर निगम की ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर हालत में दिवित को जालंधर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
Read More
पहले रामभक्तों पर चलती थीं गोलियां, अब होती है फूलों की वर्षा, पीलीभीत में बोले CM योगी

