Meghalaya Border: भारत में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवेश की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मेघालय सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले 18 संदिग्धों की तलाश को लेकर कई राज्यों में निगरानी बढ़ाई गई है। इनपुट के मुताबिक, संदिग्धों के जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस से सफर करने की आशंका है। इसके चलते ट्रेन के गुजरने वाले राज्यों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
चार राज्यों में बढ़ाई गई निगरानी
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के मेघालय सीमा के रास्ते भारत में दाखिल होने की आशंका जताई गई है। इस सूचना के बाद बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पुलिस मुख्यालयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाने की जानकारी है। सुरक्षा एजेंसियां इनपुट के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सघन जांच
अलर्ट जारी होने के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेल पुलिस ने ट्रेनों की जांच तेज कर दी है। स्टेशन से आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। रेल पुलिस की टीमें अलग-अलग ट्रेनों में तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।
रेल एसएसपी ने दिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश
मुजफ्फरपुर रेल एसएसपी बीना कुमारी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद रेल थानों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में भी विभिन्न ट्रेनों की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और मिले निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
लंबी दूरी की ट्रेनों पर खास नजर
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि संदिग्ध लोग लंबी दूरी की ट्रेनों के जरिए दूसरे राज्यों तक पहुंच सकते हैं। इसी को देखते हुए रेलवे और पुलिस के बीच सतर्कता बढ़ाई गई है। जांच के दौरान यात्रियों के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। फिलहाल मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस का जोर ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सघन जांच पर है और अधिकारियों के निर्देश के अनुसार अभियान जारी है।
Read More:

