भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को ‘सेमिकॉन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। नई दिल्ली के यशोभूमि में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर की दिग्गज टेक कंपनियां, नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता और स्टार्ट-अप्स एक मंच पर जुटेंगे। “सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम” की थीम पर आधारित यह सम्मेलन भारत की सेमीकंडक्टर क्षमताओं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में उसकी बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित करेगा।
15 हजार वर्ग मीटर में 600 से अधिक प्रदर्शक दिखाएंगे ताकत
इस मेगा इवेंट का आयोजन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और वैश्विक उद्योग संघ ‘सेमी’ (SEMI) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 15,000 वर्ग मीटर के विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कंपनियों सहित 600 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा सम्मेलन में 6 अंतरराष्ट्रीय कंट्री पवेलियन और 12 राज्यों के सरकारी पवेलियन भी शामिल होंगे। तीन दिनों के दौरान 150 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता चिप डिजाइनिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत पैकेजिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
‘बालू से चिप बनने तक का सफर’ बनेगा मुख्य आकर्षण
प्रदर्शनी का सबसे मुख्य आकर्षण ‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ अनुभव केंद्र होगा। इसके माध्यम से आगंतुकों को यह समझने का मौका मिलेगा कि कैसे साधारण बालू से लेकर आधुनिक सेमीकंडक्टर चिप, इलेक्ट्रॉनिक्स और एकीकृत प्रणालियों का निर्माण किया जाता है। साथ ही, कार्यक्रम में स्थापित किया जा रहा ‘वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन’ माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में युवाओं के लिए कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों को रेखांकित करेगा।
युवाओं, महिलाओं और स्टार्ट-अप्स के लिए विशेष मंच
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) क्षेत्र को गति देने के लिए इस आयोजन में लगभग 40 उभरते हुए स्टार्ट-अप्स को ‘स्टार्टअप पवेलियन’ में अपनी तकनीक प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा सम्मेलन में स्टार्ट-अप पिच प्रतियोगिता, स्टूडेंट हैकाथॉन, छह अंतरराष्ट्रीय राउंडटेबल बैठकें तथा उद्योग में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देने वाले विशेष सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा।
READ MORE: ड्रग्स पर चंडीगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 82 लोग गिरफ्तार, जगह-जगह चलाया गया सर्च ऑपरेशन

