HomeBreaking Newsहिमाचल कैबिनेट में फेरबदल की आहट, दिल्ली में मंथन, 2 मंत्रियों को...

हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल की आहट, दिल्ली में मंथन, 2 मंत्रियों को लेकर चर्चाएं हुई तेज

हिमाचल प्रदेश(Himachal Cabinet) की सुक्खू सरकार में कैबिनेट फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में पहले से ही एक पद खाली है। वहीं, अब दो वरिष्ठ मंत्रियों को उनके कामकाज और प्रदर्शन के आधार पर हटाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हाईकमान के बुलावे पर अचानक कैबिनेट के कई मंत्रियों के दिल्ली पहुंचने के बाद इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दो वरिष्ठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करने पर विचार कर रहे हैं।

हालांकि, ऐसा कोई भी फैसला कांग्रेस हाईकमान की सहमति के बिना संभव नहीं है। इसी मुद्दे पर चर्चा और सहमति बनाने के लिए दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल मंत्रियों के साथ सामूहिक चर्चा के अलावा अलग-अलग बातचीत भी कर सकते हैं। इस दौरान मंत्रियों के अब तक के कामकाज की समीक्षा होने की संभावना है। इसके बाद विभागों में बदलाव या नए चेहरों को मौका देने पर फैसला हो सकता है।

क्यों धनीराम शांडिल और चंद्र कुमार की हो रही चर्चा ?

जिन दो वरिष्ठ मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चा है, उनमें स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और कृषि मंत्री चंद्र कुमार के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शांडिल एससी वर्ग और चंद्र कुमार ओबीसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए दोनों को हटाने का फैसला राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जा रहा है।

शांडिल को लेकर बन सकती है सहमति

सूत्रों के अनुसार, धनीराम शांडिल को लेकर सहमति बनने की संभावना अधिक बताई जा रही है। उन्हें सम्मानजनक राजनीतिक जिम्मेदारी देने के विकल्प पर भी विचार हो सकता है। उनके बेटे संजय शांडिल को किसी बोर्ड या निगम में जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा भी है।

चंद्र कुमार पर फैसला मुश्किल

चंद्र कुमार के मामले में फैसला आसान नहीं माना जा रहा। वह कांगड़ा से आते हैं जो हिमाचल की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। साथ ही उनकी वरिष्ठता और ओबीसी प्रतिनिधित्व भी उनके पक्ष में अहम फैक्टर है। ऐसे में उनके भविष्य को लेकर दिल्ली की बैठक के बाद ही तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : गैस सिलेंडर बुकिंग से पहले जान लें ये नए नियम, वरना अटक सकती…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments