सलमान खान के शो बिग बॉस 20(Bigg Boss 20) का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। शो शुरू होते ही घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच नोक-झोंक भी सामने आने लगे हैं। अब नए प्रोमो में रीति तिवारी और मैरी कॉम के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है। दोनों के बीच लड़ाई की शुरुआत किचन की जिम्मेदारियों को लेकर होती है।
तीसरे एपिसोड के प्रोमो में मैरी कॉम घरवालों से किचन की ड्यूटी के बारे में जानकारी लेती दिखाई देती हैं। इसी दौरान रीति बताती हैं कि बर्तन साफ करने की जिम्मेदारी उनकी है और वह पहले चाय बना रही हैं। रीति की बात सुनकर मैरी कॉम पूछती हैं कि चाय बनाने में आखिर कितना समय लगेगा। इस पर रीति जवाब देती हैं कि अगर ऐसा है तो मैरी खुद चाय बना लें। बात यहीं खत्म नहीं होती और दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे बहस में बदल जाती है।
‘मेरे पीठ पीछे बात मत करना’
बहस के दौरान रीति साफ तौर पर कहती हैं कि उन्हें अपनी ड्यूटी अच्छी तरह पता है। वह मैरी से यह भी कहती हैं कि वह उनका सम्मान करती हैं लेकिन उनके पीछे उनकी बातें नहीं होनी चाहिए। जवाब में मैरी अपनी पहचान का जिक्र करते हुए कहती हैं कि उन्हें पूरी दुनिया जानती है।
ड्यूटी बनी फसाद की जड़
दरअसल, बिग बॉस के घर में रोजाना अलग-अलग कंटेस्टेंट्स को किचन और सफाई जैसे काम दिए जाते हैं। इसी जिम्मेदारी को लेकर दोनों के बीच गलतफहमी पैदा होती नजर आई। मैरी चाहती थीं कि सभी अपनी ड्यूटी समय पर और ठीक तरीके से करें जबकि रीति को लगा कि उनसे इस तरह सवाल नहीं किया जाना चाहिए। इसी बात ने मामूली बातचीत को तीखी बहस में बदल दिया।