HomeBreaking Newsईरान में गूंज रही थी शादी की शहनाई, तभी जश्न में बरसीं...

ईरान में गूंज रही थी शादी की शहनाई, तभी जश्न में बरसीं अमेरिकी मिसाइलें, बच्चे समेत 5 की मौत, 50 घायल

Iran-US War: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच दक्षिणी ईरान में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ। होर्मुजगन प्रांत के सिरिक काउंटी के कुहेस्तक शहर में एक रिहायशी घर पर अमेरिकी मिसाइल के शर्रे जा गिरे। उस समय घर में शादी का जश्न चल रहा था। घटना में एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ईरान के रेड क्रिसेंट ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

घर के अंदर गिरे मिसाइल के शर्रे

ईरानी रेड क्रिसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, ‘अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद उसके शर्रे यानी श्रापनेल कुहेस्तक शहर के एक रिहायशी घर में जा गिरे।’ संगठन के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में 4 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बाद में सामने आए अपडेट में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई।

मलबे में चीखों की आवाजें

ईरान के सरकारी मीडिया ने हमले के बाद का वीडियो जारी किया है। इसमें घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में मलबा और भारी नुकसान नजर आ रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में लोगों के चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। हालांकि, वीडियो और बताए गए हताहतों की संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बचाव दल पहुंचा तो बढ़ा मौत का आंकड़ा

मृतकों की संख्या बढ़ने की जानकारी बचाव दलों के घटनास्थल पर पहुंचने के दौरान सामने आई। इससे पहले होर्मुजगन प्रांत के डिप्टी गवर्नर अहमद नफीसी ने सरकारी टीवी को बताया था कि हमले में 2 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई।

होर्मुज के पास सिरिक

सिरिक काउंटी रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज के पास स्थित है। यह दुनिया के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है और अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच तनाव का बड़ा केंद्र बना हुआ है। हमले के बाद ईरानी अधिकारियों ने बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा और नुकसान व हताहतों का आकलन शुरू किया।

किस ठिकाने को निशाना बनाया गया?

ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं है कि अमेरिकी सेना सिरिक काउंटी में किस ठिकाने को निशाना बनाना चाहती थी। होर्मुजगन के सुरक्षा मामलों के डिप्टी गवर्नर ने कहा कि रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया और घटना के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर भेजा गया।

ईरान का रिएक्शन आया सामने

ईरान ने इस हमले को बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों को पिछली घटनाओं से अलग करके नहीं देखा जा सकता। प्रवक्ता ने खास तौर पर मिनाब के एक स्कूल पर हुए हवाई हमले का ज़िक्र किया, जहां ईरानी अधिकारियों के अनुसार, युद्ध के पहले दिन लड़कियों के एक स्कूल में 160 लोगों की मौत हो गई थी।

अमेरिकी रक्षा विभाग ने मिनाब की घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है। हालाँकि, सूत्रों के हवाले से आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह हमला पुराने हो चुके टारगेटिंग डेटा के इस्तेमाल का नतीजा हो सकता है।

ईरान ने बताया ‘युद्ध अपराध’

ईरानी अधिकारी ने हमले को ‘युद्ध अपराध’ बताया और कहा कि घटना से जुड़ी और जानकारी बाद में जारी की जाएगी। ईरान के सरकारी टीवी चैनल IRIB ने भी बताया था कि सिरिक में शादी समारोह में शामिल लोग अमेरिकी हमले के बाद मिसाइल के शर्रे लगने से घायल हुए।

दक्षिणी ईरान में बढ़े हमले

यह घटना दक्षिणी ईरान में अमेरिका की ओर से किए गए ताजा हमलों के बीच हुई है। इनमें होर्मुज के आसपास के इलाके भी शामिल हैं। ईरानी मीडिया ने कई जगहों पर धमाकों और केरमान प्रांत के एक एयरपोर्ट पर हमले की भी जानकारी दी है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है।

Read More:

मसूरी गोलीकांड के 32 साल, राज्य तो मिला, मगर शहीदों के सपनों का उत्तराखंड अब भी अधूरा

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments