Shri Amarnath Yatra: श्री अमरनाथ जी की यात्रा शुरू होने के महज चार दिनों के भीतर ही 85,779 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। सोमवार को अकेले 28,818 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा पहुंचकर श्री अमरनाथ जी के दर्शन किए। प्रशासन के अनुसार, यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और पूरे यात्रा मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
बारिश के बावजूद नहीं टूटा श्रद्धालुओं का उत्साह
अधिकारियों के मुताबिक, 3 जुलाई से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है। सोमवार को दिनभर कई इलाकों में तेज बारिश हुई, लेकिन खराब मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सका। श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम, दोनों मार्गों से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा तक पहुंचे और बाबा बर्फानी के दर्शन किए। दर्शन के बाद सोमवार शाम सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से बालटाल बेस कैंप लौट आए।
बालटाल मार्ग बन रहा श्रद्धालुओं की पहली पसंद
अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम स्थित नुनवान बेस कैंप तक लौटने में तीन से चार दिन का समय लग जाता है। यही वजह है कि पहलगाम मार्ग से यात्रा करने वाले अधिकांश श्रद्धालु दर्शन के बाद वापसी के लिए बालटाल मार्ग को प्राथमिकता दे रहे हैं, क्योंकि इस रास्ते से वे उसी दिन बेस कैंप तक पहुंच सकते हैं। वहीं, दोनों बेस कैंपों और यात्रा के अलग-अलग पड़ावों पर देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है।
यात्रा मार्ग पर किए गए खास इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने यात्रा मार्ग और दोनों बेस कैंपों पर खास इंतजाम किए गए हैं। रुकने के सभी प्रमुख स्थानों पर जरुरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अलग-अलग सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह लंगर लगाए गए हैं, जहां यात्रियों को फ्री भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा बालटाल, नुनवान पहलगाम से लेकर पवित्र गुफा तक हजारों टेंट लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने में किसी तरह की परेशानी न हो।
मौसम की जानकारी
प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेस कैंपों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए पहले से मौसम की जानकारी भी दे रहा है, ताकि यात्री मौसम के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकें। पहलगाम और बालटाल बेस कैंप से लेकर पवित्र गुफा तक चार-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित होकर अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
Read More:
जेल से बाहर आएगी नासिक TCS कांड की आरोपी निदा खान! 2 महीने बाद इस दलील को सुनकर कोर्ट ने दी जमानत

