CM Yogi Sultanpur Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय सुल्तानपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में करीब 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचने के बाद अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा अयोध्या मंडल के पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। बाद में वह सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
जनसभा को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से सटे विवेक नगर स्थित सर्कस ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े कई विकास काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रमुख मार्गों पर आवागमन नियंत्रित किया गया है।
ई-रिक्शा संचालन पर रोक
मुख्यमंत्री की रैली को देखते हुए प्रशासन ने शहर में एक दिन के लिए ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही कुछ स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है। शहर में आने वाले वाहनों का प्रवेश भी कई प्रमुख स्थानों से प्रतिबंधित रहेगा। टेढ़ुई तिराहा, भुलकी चौराहा, अंकित पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर से पयागीपुर, अमहट और कटावा मोड़ से शहर के अंदर वाहनों का प्रवेश नहीं रहेगा। हालांकि जिन लोगों का निवास शहर के भीतर है या जिन्हें जरुरी काम से शहर में आना है, वे परिचय पत्र दिखाकर पयागीपुर, भुलकी और टेढ़ुई मार्ग से प्रवेश कर सकेंगे। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, मीडिया वाहन, स्कूल बसें, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन तथा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। समस्त वेंडर और पथ विक्रेता अपने ठेले और दुकानें नगर पालिका परिषद द्वारा निर्धारित वेंडर जोन में ही लगाएंगे।
Read More:

