उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की रहने वाली एक छात्रा(DU Student) जो दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ती थी उसको गोली लगने से मौत की खबर सामने आई है। यह घटना फतेहगढ़ थाना क्षेत्र की बेवर रोड की नलकूप कॉलोनी की है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 साल की अंजलि दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही थी और कुछ दिन पहले ही अपने घर आई थी। उनके पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में पंजाब के बठिंडा में तैनात हैं। जब अंजलि ने अपने साथ इस घटना को अंजाम दिया उस समय वह घर में अकेली थी। जबकि उनकी मां और भाई किसी काम से बाहर गए हुए थे।
लाइसेंसी राइफल बरामद
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि 4 जुलाई की रात 112 पर कॉल करके पुलिस को इश घटना की सूचना मिली थी कि एक युवती की गोली लगने से मौत हो गई है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि गोली पिता के नाम पर दर्ज लाइसेंसी राइफल से चली थी। पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में ले लिया है और फोरेंसिक टीम की सहायता से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।