भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक तैयारियों को लेकर गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह(Amit Shah) के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य फोकस पार्टी के संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी रणनीति तय करने पर रहा।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है लेकिन संकेत हैं कि जल्द ही नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की जा सकती है। पार्टी नेतृत्व संगठन में नई जिम्मेदारियां तय करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए संतुलित टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है।
उत्तर प्रदेश दौरे की तैयारियों पर भी विचार
बैठक को आगामी उत्तर प्रदेश दौरे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। चार और पांच जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति पर भी नेताओं ने विचार-विमर्श किया गया। माना जा रहा है कि आगामी चुनावी राज्यों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व लगातार सक्रिय है।
संगठनात्मक बदलावों पर भी चर्चा
बीजेपी ने हाल ही में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा सहित कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई जबकि उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इन बदलावों के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन में नई नियुक्तियों की संभावना तेज मानी जा रही है।
नितिन नवीन के नेतृत्व पर पार्टी का भरोसा
इस वर्ष जनवरी में नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। बिहार की राजनीति में लंबे अनुभव के साथ वे लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। संगठन में युवा मोर्चा से लेकर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का उनका अनुभव उन्हें पार्टी नेतृत्व की प्रमुख पसंद बनाता है।
माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।