हरियाणा के यमुनानगर(Faridabad) में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि, इस घटना के बाद सामने आए 17 सेकंड के एक वायरल वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। मामले में आरोपी परवेज की तलाश जारी है जो पुलिस की दबिश के बाद फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी को संदेह था कि युवक नफीस ने उसके काले कारनामों की सूचना पुलिस को दी थी। इसी शक के चलते उसने उस पर काली स्कॉर्पियो से हमला करने का आरोप लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नफीस अपनी जान बचाने के लिए भागता रहा जबकि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में उसका पीछा करती दिखाई दे रही थी। इसी दौरान ये पूरी घटना आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार
सोशल मीडिया पर सामने आए 17 सेकंड के वीडियो में एक एसयूवी को तेज गति से युवक की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल फुटेज को अन्य साक्ष्यों के साथ मिलाकर परखा जा रहा है ताकि घटना के क्रम को स्पष्ट किया जा सके।
कई लोग घायल
घटना के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई थी जिसके बाद आरोपी उससे निकलकर मौके से फरार हो गए थे। इस हादसे में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस की जांच तेजी से जारी
यमुनानगर पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।