पंजाब के मोगा(Moga) से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है जहां के बुट्टर कलां गांव में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। खेत में लगे जामुन के पेड़ से फल तोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल है जबकि पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, जगरूप सिंह और उनके चाचा सतनाम सिंह गांव के एक किसान की जमीन पर खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जोरा सिंह और दारा सिंह खेत में लगे जामुन के पेड़ से फल तोड़ रहे थे। जब सतनाम सिंह ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला तेजी से बिगड़ गया।
बीच-बचाव के दौरान चली गोली
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी थी। शोर सुनकर जब जगरूप सिंह जब वहां पर बीच-बचाव के लिए पहुंचे तभी आरोपियों में से एक ने 12 बोर राइफल से फायरिंग करनी शुरु कर दी। ये गोली जगरूप सिंह के बेटे हर्षदीप सिंह को जाकर लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, इस घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को मोगा के मैडीसिटी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। अस्पताल में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना बधनी कलां पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जानलेवा हमला और हथियार के इस्तेमाल से संबंधित गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
फायरिंग की घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा मजबूत कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।