फरीदाबाद से सड़क पर खड़ी कार में आग लगने की घटना सामने आई है, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र में स्थित शनि मंदिर के पास सड़क पर खड़ी एक आई-20 कार में अचानक आग लग गई, जिसके बाद देखते-देखते कार आग का गोला बन गई और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

क्षेत्र के तिगांव थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार में आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरूआती जांच के अनुसार गाड़ी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।

वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि जैसे ही कार से धुआं और लपटें उठनी शुरू हुईं वैसे ही वहां मौजूद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। लोगों ने बताया कि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया था और देखते ही देखते पूरी कार खाख हो चुकी थी।
हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कार मालिक तिगांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

