पंजाब पुलिस(Punjab Police) ने संगठित अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (करनाल यूनिट) के सहयोग से कुख्यात गैंगस्टर लकी पाटियाल के बंबीहा गैंग के दो प्रमुख साथियों को गिरफ्तार किया है। DGP गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजन उर्फ पियूष पहलवान और प्रीतम शाह शामिल हैं, जो हाल ही में चंडीगढ़ सेक्टर-9 में हुए चर्चित हत्या कांड में शामिल थे। इस घटना में चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
आरोपियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि राजन उर्फ पियूष पहलवान एक अन्य हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में भी वांछित था।
वह जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हत्या में भी शामिल था। एजीटीएफ ने महज 30 घंटे में पूरे मॉड्यूल का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो पुलिस की तेज और प्रभावी कार्रवाई का परिचायक है।
तीन अवैध हथियार बरामद
पुलिस(Punjab Police) ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार बरामद किए, जिनमें पीएक्स5 .30 बोर पिस्टल, .30 बोर चाइनीज पिस्टल और .32 बोर पिस्टल शामिल हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इसी बीच, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने भी सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में छह आरोपी, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से सात अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की गईं। शुरुआती जांच में यह पता चला कि आरोपी पुर्तगाल में स्थित एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जो पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी कर रहा था। ये हथियार फिर स्थानीय आपराधिक नेटवर्क में वितरित किए जाते थे। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और पूरे अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय नेटवर्क को बेनकाब कर खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।