Saturday, March 7, 2026
Home Breaking News द्वारका में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, हिंसक झड़प में एक...

द्वारका में मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत, इलाके में तनाव

Advertisement

दिल्ली के द्वारका स्थित उत्तम नगर इलाके में होली के दिन पानी के गुब्बारे को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें 26 वर्षीय युवक तरुण की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़ी कार, बाइक और अन्य सामान में आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।

दोनों पक्षों के साथ पुलिस की बैठक

मामले को शांत कराने के लिए जिला उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने दोनों पक्षों के साथ बैठक की। पीड़ित परिवार ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे 10 से 15 आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है पुलिस अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर हत्या के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रदर्शन के चलते लगा जाम

घटना के विरोध में शाम करीब 5 बजे उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते भीड़ सैकड़ों में पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों ने नजफगढ़ रोड पर दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया, जिससे करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर बाद भीड़ सड़क से हटकर उत्तम नगर थाने के सामने पहुंच गई, जहां देर रात तक लोग जुटे रहे।

ऐसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, होली के दिन शाम करीब 4 बजे जेजे कॉलोनी में एक घर की बालकनी से गलती से पानी का गुब्बारा नीचे गिर गया, जो वहां खड़ी एक महिला पर जा लगा। परिवार का कहना है कि घटना के तुरंत बाद लड़की और उसके परिजनों ने माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि महिला ने अपने परिचितों को बुला लिया, जिसके बाद कुछ लोग पीड़ित परिवार के घर में घुस गए, तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ मारपीट की।

Read More

अमृतसर की भारत-पाक सीमा पर सरक्षा के कड़े इंतजाम, शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक गतिविधियों पर लगी पाबंदिया