पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव(Middle East crisis) के बीच ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज को आंशिक रूप से बंद करने की घोषणा की है। ईरान की शीर्ष सैन्य इकाई इस्लामिक रेवॉल्यूश्नरी गार्ड कॉर्प्स ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध विशेष रूप से अमेरिका, इजरायल, यूरोप और उनके पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों पर लागू होगा।
जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही रुकी
यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति के कारण दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक इस जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही लगभग रुक गई है। वैश्विक स्तर पर प्रतिदिन होने वाली कुल तेल खपत का लगभग 20 प्रतिशत इसी मार्ग से होकर गुजरता है। इसलिए इस रास्ते का बंद होना अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ईरान के सरकारी प्रसारण माध्यम ने जारी किया बयान
ईरान के सरकारी प्रसारण माध्यम इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग के जरिए जारी बयान में रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून और संबंधित प्रस्तावों के तहत युद्धकालीन परिस्थितियों में ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली समुद्री आवाजाही को नियंत्रित करने का अधिकार है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि अमेरिका, इजरायल, यूरोप या उनके समर्थक देशों के जहाज इस जलमार्ग में दिखाई देते हैं तो उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। इससे पहले मंगलवार को ईरान ने संकेत दिया था कि चीन का झंडा लगे जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है।