Chhath Puja 2026: लोकआस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही देशभर के नदी, तालाबों और अस्थायी घाटों पर श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। व्रतियों ने फल, पारंपरिक पकवान और ठेकुआ से सजी पूजा की थाली के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की। इसके साथ ही करीब 36 घंटे तक चले कठिन निर्जला उपवास का समापन हुआ और व्रतियों ने पारण कर व्रत पूरा किया।
दिल्ली से बिहार तक घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
छठ महापर्व के अंतिम दिन देशभर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला। दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश से झारखंड तक श्रद्धालु अंधेरा रहते ही पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। दउरे में फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक पकवान सजाए गए थे। परिवार के सदस्यों ने भी पूजा में हिस्सा लिया। कई जगह घाटों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया, जबकि लोकगीतों के बीच पूजा की परंपराएं निभाई गईं। व्रत पूरा होने के बाद घरों में प्रसाद बांटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली-NCR में कालिंदी कुंज से कालकाजी तक विशेष आयोजन
राजधानी दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों और विभिन्न पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कालिंदी कुंज घाट पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में भी छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन किया गया। गाजियाबाद में घाटों की आकर्षक सजावट और लेजर लाइट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को सुबह 4:30 बजे से ही सेवाएं शुरू कर दी थीं। आम दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे शुरू होता है। शुरुआती समय में सभी मेट्रो लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलाई गईं।
बिहार में गंगा घाटों से सूर्यकुंड तक दिखी आस्था
छठ पूजा के लिए विशेष पहचान रखने वाले बिहार में भी सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पटना में गंगा नदी के किनारे बड़ी संख्या में व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। गया के प्राचीन सूर्यकुंड में भी भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा और रोहतास समेत कई जिलों में छठ पूजा संपन्न हुई।
समस्तीपुर में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की मां ने भी उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। यहां मिथिला पेंटिंग से सजाया गया घाट आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं, मुजफ्फरपुर की केंद्रीय जेल में भी 98 कैदियों ने सूर्य देव को अर्घ्य देकर छठ की परंपरा निभाई।
वाराणसी से अयोध्या और हरिद्वार तक छठ की धूम
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे। अयोध्या में सरयू नदी के किनारे व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। सहारनपुर में भी महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उत्तराखंड के हरिद्वार में बिहार और पूर्वांचल से आए लोगों ने श्रद्धा के साथ छठ मनाया। जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। गांधी मैदान में भी पारंपरिक तरीके से पूजा संपन्न हुई। इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर और पाली तथा महाराष्ट्र के जालना में भी छठ पर्व की रौनक देखने को मिली।
13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू हुआ था छठ महापर्व
चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही व्रत संपन्न हुआ। इसके बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।
सूर्य देव और छठी मैया की पूजा का है विशेष महत्व
छठ पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का विशेष महत्व है। व्रती कठिन नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और संतान के अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना करते हैं। यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ स्वच्छता, पवित्रता और संयम की परंपरा का भी प्रतीक है। ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद छठ पूजा की खास पहचान हैं।
Read More:

