HomeBreaking Newsभारत-जापान रिश्तों को नई उड़ान, PM मोदी और जापानी PM सनाए ताकाइची...

भारत-जापान रिश्तों को नई उड़ान, PM मोदी और जापानी PM सनाए ताकाइची की मुलाकात, अरबों के निवेश और बड़े समझौतों पर नजर

Sanae Takaichi India Visit: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद दोनों नेताओं ने अपने-अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों और प्रतिनिधिमंडलों का परिचय कराया। सनाए ताकाइची तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आई हैं। इस दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम 16वां भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन है, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करने पर बातचीत होगी।

भारत-जापान साझेदारी को मिलेगी नई गति

भारत पहुंचने पर जापानी प्रधानमंत्री का स्वागत केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया। विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा को भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को नई दिशा देने वाला अहम कदम बताया। पिछले कई वर्षों में दोनों देशों ने रक्षा, बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ाया है। इस बार की शिखर वार्ता में भी इन क्षेत्रों में साझेदारी को और विस्तार देने पर जोर रहने की संभावना है।

इन मुद्दों पर होगी अहम बातचीत

बैठक के दौरान आर्थिक सुरक्षा, मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन, उभरती प्रौद्योगिकियां, रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और निवेश बढ़ाने जैसे विषय प्रमुख एजेंडे में शामिल रह सकते हैं। इसके अलावा दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर भी अपने विचार साझा करेंगे। सूत्रों के अनुसार बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत और जापान की साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता, आर्थिक विकास और रणनीतिक सहयोग के लिए पहले से अधिक अहम मानी जा रही है।

खरखौदा प्लांट का होगा उद्घाटन

हरियाणा के खरखौदा में तैयार मारुति सुजुकी इंडिया के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इसे भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में हाल के वर्षों के सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है। यह मारुति सुजुकी का भारत में चौथा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होगा। कंपनी के सभी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स में अब तक करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है।

हर साल बनेंगे 10 लाख वाहन

पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद खरखौदा प्लांट हर साल 10 लाख वाहनों के निर्माण में सक्षम होगा। इस परियोजना से सीधे तौर पर 21,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इसके साथ ही ऑटो कंपोनेंट उद्योग, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और स्थानीय सेवा क्षेत्रों में भी हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

भारत-जापान आर्थिक रिश्तों पर असर

खरखौदा परियोजना को भारत और जापान के मजबूत होते आर्थिक और औद्योगिक संबंधों का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है। मारुति सुजुकी लंबे समय से भारत में जापानी निवेश की सबसे सफल कहानियों में शामिल रही है। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी इस साझेदारी के महत्व को और मजबूत करती है। इस परियोजना से देश की वाहन निर्माण क्षमता बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।

Read More:

108 घड़ों के पानी से स्नान और फिर… क्यों यात्रा से पहले 15 दिनों के लिए गायब हो जाते हैं भगवान जगन्नाथ? देते हैं ‘नवयौवन दर्शन’!

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments