पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) एक हफ्ते के लिए स्वास्थ्य एवं ध्यान कार्यक्रम के लिए बेंगलुरु पहुंच गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान वह एक निजी प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में रहेंगे जहां योग, ध्यान, प्राकृतिक उपचार और संतुलित आहार के माध्यम से अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना है।
CM मान पिछले कई महीनों से लगातार सरकारी बैठकों, विकास कार्यों की समीक्षा और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। लगातार व्यस्त रहने और यात्राओं की वजह से उन्हें आराम की जरूरत महसूस हुई। वहीं, डॉक्टरों की ओर से दी गई सलाह के बाद उन्होंने कुछ समय अपनी स्वास्थ्य देखभाल के लिए निर्धारित करने का फैसला लिया।
विशेषज्ञों की निगरानी में चलेगा पूरा कार्यक्रम
बेंगलुरु में रहने के दौरान CM मान प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के तहत स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसमें योग अभ्यास, ध्यान, शरीर की प्राकृतिक शुद्धि से जुड़े उपचार और संतुलित आहार योजना शामिल है। इस दौरान उनके स्वास्थ्य की निगरानी रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उपचार तथा डाइट प्लान में बदलाव भी किए जाएंगे। इसी के साथ वह विपश्यना के ध्यान सत्रों में भी भाग लेंगे।
आपको बता दें कि बेंगलुरु रवाना होने से पहले CM मान ने राज्य की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अहम दिशा-निर्देश दिए ताकि उनके न रहते हुए भी विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
प्रशासनिक कामकाज रहेगा सामान्य
सरकारी सूत्रों का कहना है कि CM मान की गैरहाजिरी में भी राज्य का प्रशासनिक कार्य पहले की तरह सुचारु रूप से चलता रहेगा। सभी विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करेंगे और जरूरत पड़ने पर CM मान अधिकारियों के साथ संपर्क में रहकर महत्वपूर्ण मामलों पर अहम फैंसले भी लेते रहेंगे।