पंजाब के रोपड़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहाली की एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया और इसके बाद खुद भी आत्महत्या के इरादे से नहर में छलांग लगा दी। हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी है।
मोहाली से बच्चों को लेकर निकली थी महिला
आरोपी महिला की पहचान शकुंतला उर्फ सुमन के रूप में हुई है, जो मोहाली के मटौर इलाके की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने तीन बच्चों को नहर में फेंक दिया। परिजनों के अनुसार, शकुंतला तीनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस ने महिला की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, जो रूपनगर क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को नहर के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चों को नहर में फेंकने की जानकारी दी, जिसके बाद गोताखोरों की टीम को बुलाया गया।
दो शव मिले, तीसरे की तलाश जारी
गोताखोरों ने देर रात तक चले अभियान में दो बच्चों के शव बरामद कर लिए। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद बीते मंगलवार सुबह फिर से तलाशी शुरू की गई, लेकिन सबसे छोटे बच्चे का शव अभी तक नहीं मिला है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृत बच्चों के दादा रामबाबू ने बताया कि शकुंतला का व्यवहार पिछले कुछ समय से सामान्य नहीं था। उनके मुताबिक, परिवार आर्थिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा था और घर में अक्सर विवाद होते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह बच्चों के साथ इतना बड़ा कदम उठा लेगी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
डीएसपी सिटी-1 गुरचरण सिंह ने बताया कि मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। महिला से पूछताछ जारी है और परिवार की परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
Read More
डिजिटल अरेस्ट कर महिला को ठगने वाले गैंग का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल से 3 को दबोचा

