केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को FCRA 2.0 पोर्टल और ई-OCI (Overseas Citizen of India) कार्ड सेवा की शुरुआत की गई। इन दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म का लक्ष्य विदेशी सहायता से जुड़े नियमों का अनुपालन आसान बनाना और भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को अधिक सुविधाजनक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराना है।
FCRA की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन
नए FCRA 2.0 पोर्टल के जरिए विदेशी अंशदान से जुड़े लगभग सभी प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से पूरी की जा सकेंगी। इसमें नया पंजीकरण, नवीनीकरण, जरूरी दस्तावेज अपलोड करना, वार्षिक रिटर्न दाखिल करना और अन्य सेवाएं एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होंगी। सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी, तेज और उपयोगकर्ता के लिए सुविधाजनक बनेंगी।
तकनीक से होगा बेहतर शासन – अमित शाह
पोर्टल लॉन्च करते हुए अमित शाह ने कहा कि साफ नीयत, स्पष्ट नीति और आधुनिक तकनीक का समन्वय प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाता है। उनके अनुसार, डिजिटल व्यवस्था से ईमानदारी से काम करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि FCRA 2.0 पोर्टल विदेशी सहायता प्राप्त करने वाले संगठनों की कई व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करेगा।
ई-OCI कार्ड से मिलेगी बड़ी राहत
सरकार ने भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों के लिए ई-OCI कार्ड सेवा भी शुरू की है। इसके तहत अब आवेदन से लेकर दस्तावेज अपलोड करने और मंजूरी मिलने के बाद डिजिटल कार्ड डाउनलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। मौजूदा OCI कार्डधारकों को भी अधिकांश मामलों में दोबारा आवेदन या भौतिक सत्यापन की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें सीधे डिजिटल कार्ड मिलेंगे।
क्या है FCRA?
FCRA का पूरा नाम फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट है।इसे विदेशी अंशदान अधिनियम भी कहा जाता है। यह कानून गृह मंत्रालय (MHA) के तहत लागू होता है और विदेशों से मिलने वाले दान व आर्थिक सहायता के नियमन का काम करता है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि विदेशी फंड का इस्तेमाल भारत की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ न हो।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।