शहर में घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न हो रही चिंताओं के बीच पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें शहर के विभिन्न एलपीजी एजेंसियों और पेट्रोल पंप संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान शहर में पेट्रोलियम उत्पादों, खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले एलपीजी गैस सिलेंडरों तथा डीजल-पेट्रोल के मौजूदा स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने एक ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 लाख रुपये की ठगी की रकम बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 71 वर्षीय श्याम लाल के रूप में हुई है, जो लोगों को फ्रांस, स्पेन और अन्य यूरोपीय देशों में भेजने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी के बेटे की भी भूमिका सामने आई है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा

