JD Vance Calls PM Modi: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है। दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को अहम क्षेत्रों में और मजबूत करने के तरीकों पर बातचीत हुई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी।
PM मोदी ने दी बेटे के जन्म की बधाई
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन कॉल आया। हमने भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को अहम क्षेत्रों में और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उनके और ‘सेकंड लेडी’ को बेटे के जन्म पर गर्मजोशी से बधाई दी और पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं।”
सीनेट में भारी बहुमत से पास हुआ बिल
दोनों नेताओं की यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब शुक्रवार को अमेरिकी सीनेट ने एक अहम बिल 86-11 वोटों से पारित किया। ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट’ के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का अधिकार मिल सकता है।
भारत और चीन पर भी पड़ सकता है असर
इस कानून का निशाना उन देशों को बनाना है जो रूस के साथ बड़े पैमाने पर ऊर्जा व्यापार जारी रखते हैं। प्रावधानों के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति रूसी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस के दुनिया के शीर्ष पांच खरीदारों से आने वाले सामान पर 100% तक टैरिफ लगा सकते हैं। भारत और चीन रूसी कच्चे तेल के सबसे बड़े खरीदारों में शामिल हैं।
रूस की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने की तैयारी
बिल का तर्क है कि रूस से ऊर्जा खरीद जारी रखने वाला व्यापार मॉस्को की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है और यूक्रेन में उसके सैन्य अभियानों के लिए फंड उपलब्ध कराने में मदद करता है। कानून का व्यापक उद्देश्य रूस की अर्थव्यवस्था और उसकी सैन्य मुहिम को समर्थन देने वाले वित्तीय को कमजोर करना है।
पुतिन और रूसी संस्थाओं पर भी शिकंजा
कानून में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य अधिकारियों, वित्तीय संस्थानों, ऊर्जा परियोजनाओं और रूस की युद्ध कोशिशों से जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ नए प्रतिबंधों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। पुराने और री-फ्लैग्ड ऑयल टैंकरों पर भी अमेरिकी प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाया जाएगा, जिनका रूस वैश्विक प्रतिबंधों से बचने और ऊर्जा निर्यात से कमाई बनाए रखने के लिए इस्तेमाल करता है।
Read More:

