पंजाब कांग्रेस के ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के आखिरी दिन मलेरकोटला में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम की शुरुआत में ही मंच पर चढ़ने को लेकर कांग्रेस के दो गुटों के नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। स्थिति इतनी गर्म हो गई कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को मंच से नीचे आकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक जसवीर सिंह जस्सी जब मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी रजिया सुल्ताना गुट के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें मंच पर जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। विवाद बढ़ता देख राजा वड़िंग मंच से नीचे आ गए और वहीं से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। खबर लिखे जाने तक वह मंच के नीचे ही बैठे हुए थे।
बैठकों की समीक्षा के बाद तैयार होगी रिपोर्ट
‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत पिछले नौ दिनों से पंजाब के अलग-अलग जिलों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मलेरकोटला के बाद खन्ना में कार्यक्रम के साथ मालवा क्षेत्र के जिलों में अभियान का पहला चरण पूरा होगा। इसके बाद भूपेश बघेल और राजा वड़िंग चंडीगढ़ पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पिछले नौ दिनों के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट अगले दिन दिल्ली में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल के समक्ष पेश की जाएगी।
दोआबा के बाद विधानसभा स्तर पर अभियान
पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बताया कि अभियान के पहले चरण में मालवा के जिलों में बैठकें की गई हैं। अब दूसरे चरण में दोआबा क्षेत्र के जिलों में बैठकों का आयोजन किया जाएगा। नवांशहर में एक बैठक हो चुकी है, जबकि अन्य जिलों में भी जल्द कार्यक्रम शुरू होंगे। भूपेश बघेल के मुताबिक, फिलहाल अभियान जिला स्तर पर चल रहा है। दोआबा और माझा क्षेत्र की बैठकों के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव नई रणनीति के साथ लड़ेगी और पंजाब में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
Read More
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन, घाटी के 5 जिलों में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

