अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि वॉशिंगटन को आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिकी रिश्तों को बुनियादी तौर पर अलग बताया। ब्लिंकन के मुताबिक, भारत के साथ अमेरिका की साझेदारी वैश्विक हितों पर आधारित है, जबकि पाकिस्तान के साथ संबंध मुख्य रूप से क्षेत्रीय जरूरतों तक सीमित हैं। ब्लिंकन ने ये बातें नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन के चेयरमैन जावेद अशरफ के साथ बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मामले में किसी तरह की नरमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं और जवाबी कार्रवाई के अधिकार को भी मान्यता मिलनी चाहिए।
आतंकवाद पर सख्त रुख जरूरी
ब्लिंकन ने कहा कि भारत एक वैश्विक शक्ति है और उसके साथ अमेरिका के साझा हित भी वैश्विक स्तर के हैं। इसके उलट पाकिस्तान के साथ वॉशिंगटन के संबंध क्षेत्रीय प्रकृति के हैं। उन्होंने माना कि आतंकवाद से निपटने समेत कई अहम मुद्दों पर अमेरिका को पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करना पड़ता है, लेकिन दोनों देशों के साथ रिश्तों की बुनियाद अलग है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की नीति आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस वाली होनी चाहिए। इसका सीधा मतलब है कि भारत के अपनी रक्षा करने के अधिकार का सम्मान किया जाए। पूर्व विदेश मंत्री ने अमेरिकी रणनीति के दो पहलू भी बताए। पहला, हमलों का जवाब देने के भारत के प्रयासों का समर्थन करना और दूसरा, भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक कोशिशें जारी रखना। उन्होंने कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों से लैस हैं, इसलिए तनाव बढ़ने के परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं।
पाकिस्तान के साथ पुराने रिश्तों पर भी उठाए सवाल
ब्लिंकन ने अमेरिका और पाकिस्तान के पुराने संबंधों पर बात करते हुए कहा कि शीत युद्ध और अफगानिस्तान युद्ध के दौरान अमेरिकी रणनीतिक हितों के कारण वॉशिंगटन ने पाकिस्तान के नागरिक और सैन्य तंत्र की उतनी आलोचना नहीं की, जितनी की जानी चाहिए थी। उन्होंने संकेत दिया कि अब अमेरिका के पास इस दिशा में ज्यादा सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर है। उनके मुताबिक, आतंकवाद से निपटने के लिए पाकिस्तान के साथ सहयोग जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि दोनों देशों के साथ अमेरिकी संबंधों को एक ही नजरिए से देखा जाए।
भारत-अमेरिका साझेदारी में तकनीक और रणनीतिक हित अहम
भारत के साथ रिश्तों में आए बदलाव का जिक्र करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि दोनों देश पहले एक-दूसरे से दूर थे, लेकिन अब एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे हैं। यह सहयोग साझा हितों के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंधों पर भी टिका है। उन्होंने अंतरिक्ष, क्वांटम तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भविष्य के सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया। ब्लिंकन के अनुसार, उभरती तकनीकों में मिलकर काम करने की क्षमता भारत-अमेरिका साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। रूस के साथ भारत के ऐतिहासिक संबंधों पर भी उन्होंने संतुलित रुख रखा। ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका समझता है कि भारत और रूस के बीच लंबे समय से गहरे रिश्ते रहे हैं। वॉशिंगटन यह उम्मीद नहीं करता कि नई दिल्ली इन संबंधों को खत्म कर दे। उन्होंने माना कि कुछ मुद्दों पर दोनों देशों के नजरिए अलग हो सकते हैं।
Read More
ईरान में भीषण सड़क हादसा! गैस रिफाइनरी कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 लोगों की मौत और 16 घायल

