HomeBreaking Newsदिवाली के बाद गैस चैंबर बनी दिल्ली! रोहिणी से चांदनी चौक तक...

दिवाली के बाद गैस चैंबर बनी दिल्ली! रोहिणी से चांदनी चौक तक जहरीली हवा का टॉर्चर, नोएडा से गुरुग्राम तक भी घुट रहा लोगों का दम! AQI 400 पार

Delhi NCR AQI: दिवाली के त्योहार के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 442 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। वहीं, रोहिणी और नॉर्थ कैंपस में भी प्रदूषण का स्तर 430 से ऊपर रहा। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।

जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 442 पहुंचा AQI

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की ओर से जारी सुबह 5 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 442 दर्ज किया गया, जबकि रोहिणी में 438 और नॉर्थ कैंपस में 437 रहा। इसके अलावा बवाना में 427, चांदनी चौक में 419 और पटपड़गंज में 415 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, नरेला में प्रदूषण का स्तर 409, पंजाबी बाग में 408 और आईटीओ में 405 दर्ज किया गया। वजीरपुर में एक्यूआई 373 रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के ज्यादातर इलाकों में हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

सुबह धुंध और धुएं की चादर से ढके रहे कई इलाके

दिल्ली में सोमवार तड़के प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया। शहर के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध और धुएं की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह करीब 4:20 बजे आईटीओ का एक्यूआई 405 दर्ज किया गया।

इससे पहले रात करीब 1:30 बजे राजीव चौक में एक्यूआई 381 रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, सुबह चार बजे साउथ एक्सटेंशन में यह 360 रहा। इन दोनों इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इंद्रलोक समेत राजधानी के कई अन्य हिस्सों में भी सुबह धुंध का असर देखने को मिला।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी परेशानी

वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। गंभीर श्रेणी का प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क में आने से बचने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी बिगड़े हालात

दिल्ली के आसपास के शहरों में भी वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। दिवाली के दिन दिल्ली-एनसीआर में खराब हवा ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आने वाले समय में प्रदूषण का स्तर किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Read More:

अहमदाबाद में सब्जी को लेकर विवाद, पत्नी ने पति के सीने में चाकू घोंपकर की हत्या

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments