HomeBreaking Newsझारखंड में खाकी वर्दी शर्मसार, थाने में महिला से रेप मामले में...

झारखंड में खाकी वर्दी शर्मसार, थाने में महिला से रेप मामले में 2 और पुलिसकर्मी गिरफ्तार…

झारखंड(Jharkhand) के सरायकेला-खरसावां जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। घटना के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 29 अक्टूबर की है। पीड़िता का उस दिन अपने पति के साथ विवाद हुआ था।

उसे आशंका थी कि रात में उसका पति उसके साथ मारपीट कर सकता है। इसी डर से वह घर छोड़कर पड़ोसी के यहां चली गई और फोन के जरिए पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने पर पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और महिला को गम्हरिया थाने ले आई। महिला के बयान के अनुसार, उसे आराम करने के लिए थाने में एक कमरा दिया गया था। इसी दौरान वहां तैनात एक वायरलेस ऑपरेटर कांस्टेबल ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार

मामले में शुरुआत में एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एसआईटी की जांच और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक मनोज साहू और कांस्टेबल संतोष राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। वहीं, थाने के प्रभारी अधिकारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

BJP ने निकाला विरोध मार्च

घटना के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गम्हरिया में मार्च निकाला। प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और पुतला दहन किया गया। भाजपा ने मामले में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, निष्पक्ष जांच कराने और पीड़िता को सुरक्षा व कानूनी सहायता देने की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच एसआईटी कर रही है। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें : जन्मदिन पर बृजभूषण शरण सिंह को बेटी का खास गिफ्ट, नोएडा में बनवाया अपना हेलीपैड…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments