Los Angeles Helicopter Crash: अमेरिका के लॉस एंजेलिस स्थित सैन फर्नांडो वैली के चैट्सवर्थ इलाके में एक न्यूज हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हादसे में मौके पर तीन लोगों को मृत घोषित किया गया है। शुरुआती रिपोर्ट में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
दो इमारतों के बीच गिरा हेलीकॉप्टर
फायरकर्मियों के अनुसार, दुर्घटना नॉर्थ मेसन एवेन्यू के 9100 ब्लॉक के पास दो कमर्शियल इमारतों के बीच हुई। हेलीकॉप्टर वहां खड़े दो शिपिंग कंटेनरों और कई गाड़ियों के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गिरते ही लगी भीषण आग
हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के तुरंत बाद मौके पर भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान स्काईकैल हेलीकॉप्टर ऊपर से पुरे हादसे को कवर करता रहा।
हादसे की जगह पहले भी हुई थी दुर्घटना
यह हादसा चैट्सवर्थ इलाके में उसी जगह के पास हुआ, जहां कुछ समय पहले मेट्रो बस का एक जानलेवा हादसा हो चुका था। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
किस न्यूज चैनल का था हेलीकॉप्टर?
हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर किस न्यूज चैनल का था, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इसी तरह दुर्घटना के समय हेलीकॉप्टर में कुल कितने लोग सवार थे, यह भी स्पष्ट नहीं है। मलबे की जांच पूरी होने के बाद इस संबंध में ज्यादा जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
एक शव को ढका गया
आग बुझने के बाद लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के कर्मियों और पुलिस ने घटनास्थल पर एक शव के ऊपर कैनोपी लगा दी। अधिकारियों ने मलबे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे में शामिल लोगों और संभावित घायलों की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
हादसे की वजह का पता नहीं
फिलहाल हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस और लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि हेलीकॉप्टर ने अचानक नियंत्रण कैसे खोया और वह कंटेनरों व गाड़ियों के ऊपर किस तरह जा गिरा।
Read More:
मान सरकार का नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त अभियान, दुनिया भर से अपराधियों को वापस लाया जा रहा

