Delhi Air Pollution: वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शामिल राज्य सरकारों को नवंबर और दिसंबर के दौरान शारीरिक खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन न करने की सलाह दी है। आयोग ने यह सुझाव इस अवधि में संभावित वायु गुणवत्ता के रुझानों को ध्यान में रखते हुए दिया है।
10 सितंबर को जारी हुई एडवाइजरी
CAQM ने 10 सितंबर को जारी अपनी नवीनतम सलाह में कहा है कि नवंबर और दिसंबर के लिए पहले से निर्धारित शारीरिक खेल प्रतियोगिताओं को दूसरी तारीखों पर आयोजित करने के लिए पुनर्निर्धारित किया जा सकता है। आयोग ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की स्टेटमेंट्स का भी जिक्र किया है।
बच्चों की सेहत पर जताई गई चिंता
आयोग के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने एमसी मेहता बनाम भारत संघ मामले की सुनवाई के दौरान स्कूलों की ओर से आयोजित शारीरिक खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले बच्चों पर खराब और गंभीर वायु गुणवत्ता के असर को लेकर चिंता जताई थी। शीर्ष अदालत ने CAQM से दिल्ली-NCR के स्कूलों को नवंबर और दिसंबर में निर्धारित खेल प्रतियोगिताओं को स्थगित करने के निर्देश जारी करने को कहा था।
2025 में भी दी गई थी सलाह
CAQM ने नवंबर 2025 में जारी एक पत्र में भी ऐसी शारीरिक खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं को पुनर्निर्धारित करने की सलाह दी थी। आयोग ने कहा कि वर्ष 2026 के लिए भी पिछली टिप्पणियों और परिस्थितियों को देखते हुए इस सलाह को दोहराना आवश्यक समझा गया है।
सरकारों को क्या सुनिश्चित करना होगा
अपनी ताजा एडवाइजरी में आयोग ने दिल्ली सरकार और एनसीआर की राज्य सरकारों से कहा है कि नवंबर-दिसंबर के दौरान कोई शारीरिक खेल गतिविधि या प्रतियोगिता निर्धारित न की जाए। इसके लिए उन क्षेत्रों में प्रचलित वायु गुणवत्ता के रुझानों को ध्यान में रखा जाए, जहां ऐसे खेल आयोजन होने हैं।
वायु प्रदूषण को देखते हुए कदम
CAQM की यह सलाह खास तौर पर उस अवधि में बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के खराब व गंभीर वायु गुणवत्ता के संपर्क को कम करने के उद्देश्य से जारी की गई है। पहले से तय प्रतियोगिताओं के मामले में आयोजन की तारीख बदलने का विकल्प रखा गया है, ताकि वायु गुणवत्ता की स्थिति को ध्यान में रखते हुए खेल गतिविधियां आयोजित की जा सकें।
Read More:
मेरठ में सीवर प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव, 15 लोग अस्पताल में भर्ती, आसपास के घर कराए खाली


[…] दिल्ली-NCR में नवंबर-दिसंबर में नहीं हों… […]