Gorakhpur Kalyan Mandapam: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 16 सितंबर को अपने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर पहुंचेंगे। दोपहर बाद करीब 4 बजे वह गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर 2 में बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले सुबह तारामंडल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से शुरू किए गए चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन करेंगे।
3.09 करोड़ की लागत से निर्माण
GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। यह दो मंजिला भवन आधुनिक शहरी सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से तैयार किया गया है। इसके ग्राउंड और प्रथम तल के हॉल में करीब 300 लोगों के बैठने की क्षमता है।
11 और 21 हजार में बुकिंग
कल्याण मंडपम को समाज के निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए किफायती विकल्प के रूप में तैयार किया गया है। अंत्योदय कार्ड धारकों को इसकी बुकिंग 11 हजार रुपये में मिलेगी, जबकि अन्य लोगों के लिए शुल्क 21 हजार रुपये रखा गया है। हालांकि, मंडपम की सजावट की व्यवस्था बुकिंग कराने वाले लोगों को स्वयं करनी होगी।
हर जरूरी सुविधा उपलब्ध
मंडपम में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस और चेंज रूम बनाए गए हैं। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट की सुविधा है। परिसर में आने वाले वाहनों के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग भी तैयार की गई है। इसके अलावा फव्वारे के साथ लॉन विकसित किया गया है।
आयोजनों में मिलेगी सुविधा
कल्याण मंडपम का उद्देश्य विवाह, सामाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक उत्सवों के लिए लोगों को मैरिज हाउस का सस्ता विकल्प उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने GDA और नगर निगम को वार्ड स्तर पर ऐसे सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम विकसित करने का विजन दिया था। यह पहल उनके ईज ऑफ लिविंग (जीवन सुगमता) के विजन का हिस्सा है।
अब तक सात मंडपम लोकार्पित
गोरखपुर में अब तक मुख्यमंत्री के हाथों सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर शामिल हैं। जंगल नकहा नंबर 2 का मंडपम इस श्रृंखला का आठवां होगा। इससे पहले 29 अगस्त को बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया गया था।
दो और मंडपम पर काम जारी
GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी चल रहा है। इनमें एक वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी और दूसरा वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनाया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे।
IMA ब्लड सेंटर भी शुरू होगा
मुख्यमंत्री तारामंडल में IMA के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। यह सेंटर “नो प्रॉफिट, नो लॉस” की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। यहां जरूरतमंदों को सामान्य ब्लड बैंक की तुलना में कम दर पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।
ब्लड की गुणवत्ता पर जोर
IMA गोरखपुर के सचिव डॉ. वाई. सिंह के मुताबिक, सेंटर में रक्त की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ब्लड डोनर के लिए यहां दो बेड लगाए गए हैं। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री यहां मौजूद डॉक्टरों को संबोधित भी करेंगे।
Read More:


[…] […]