HomeBreaking Newsपति को खाना देकर लौट रही महिला पर झपटा पागल घोड़ा, 3...

पति को खाना देकर लौट रही महिला पर झपटा पागल घोड़ा, 3 लोगों को काटने के बाद घोड़े की मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेकाबू और पागल घोड़े के खौफनाक हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चकेरी थाना क्षेत्र के शनिगवां इलाके में सोमवार देर शाम हुई इस घटना में 45 वर्षीय अफसाना नामक महिला बुरी तरह जख्मी हो गईं। अफसाना अपने पति अहमद को उनके चाय के स्टॉल पर खाना देकर घर लौट रही थीं, तभी घोड़े ने उन्हें दौड़ा लिया। भागने के प्रयास में गिरने पर घोड़े ने उनके दोनों हाथों, पैरों और सीने पर दांतों से गहरे जख्म दिए। महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों से हांककर घोड़े को भगाया। परिजनों ने घायल महिला को तुरंत काशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला होश में हैं और उनका इलाज जारी है।

निर्माणाधीन मकान में मिला घोड़े का शव

इलाके में भारी दहशत फैलाने के बाद सोमवार रात घोड़ा एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसा। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसे उसी मकान में मृत अवस्था में पाया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घोड़े की मौत की पुष्टि होने के बाद शनिगवां क्षेत्र के निवासियों ने राहत की सांस ली है।

पहले भी कई राहगीरों को बना चुका था शिकार

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह घोड़ा पिछले कुछ दिनों से पागल हो गया था और अत्यंत आक्रामक रुख अपनाए हुए था। अफसाना पर हमला करने से पहले भी इसने इलाके के रहमत नाम के व्यक्ति के पेट पर काटकर उन्हें घायल कर दिया था। इसके अलावा इसने बाबूलाल कनौजिया नामक एक अन्य राहगीर को भी दौड़ा-दौड़ाकर अपना शिकार बनाया था। बार-बार हो रहे हमलों के कारण पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी डर का माहौल बना हुआ था।

मालिक ने छुट्टा छोड़ा, पुलिस कर रही तलाश

इलाके के लोगों का आरोप है कि घोड़ा जैसे ही पागल हुआ, उसके मालिक ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उसे सड़क पर छुट्टा आवारा छोड़ दिया। इसी लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने आरोपी घोड़ा मालिक की तलाश तेज कर दी है और मामले की कानूनी जांच की जा रही है।

 

READ MORE: ‘न कभी दिशा सालियान से मिला, न आदित्य को जानता हूं…’ CBI FIR के बाद फूटा सूरज पंचोली का गुस्सा, केस में नाम घसीटे जाने पर जानें क्या कहा?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments