बांग्लादेश के चट्टोग्राम में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को फायरिंग अभ्यास के दौरान एक टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। दुर्घटना में टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल अधिकारी को इलाज के लिए ढाका के कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया गया।
फायरिंग के दौरान अचानक हुआ जोरदार धमाका
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टोरेट (ISPR) ने बताया कि सैनिक निर्धारित फील्ड फायरिंग अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान टैंक में विस्फोट हुआ। हादसे के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। एक वीडियो में टैंक के ऊपर दो जवान दिखाई देते हैं और कुछ ही क्षण बाद तेज धमाके के साथ टैंक से धुआं निकलने लगता है।
सुपर पावर बांग्लादेश आर्मी का चाईनीज टैंक टाइप 59 चट्टोग्राम के हथाजारी में फटा 2 क्रू मेंबर्स की मौत,
1अधिकारी घायल और चिट्टागोंग CMH ले जाया गया।
कारण अभी तक कन्फर्म नहीं है। pic.twitter.com/Yc9o54VpvL— Indian🇮🇳 (@singh31919) September 9, 2026
Type 59 टैंक में हुआ विस्फोट
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय टैंक के भीतर मौजूद दोनों सैनिकों की जान चली गई। वहीं, सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसे में शामिल टैंक को चीन में विकसित Type 59 बताया गया है, जिसका इस्तेमाल बांग्लादेश की सेना करती है। फिलहाल विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी, गोला-बारूद से जुड़ी समस्या या किसी अन्य कारण से हुई। घटना के बाद सेना ने कारणों की जांच शुरू कर दी है। ISPR ने भी कहा है कि हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
घायल अधिकारी को हेलिकॉप्टर से भेजा गया ढाका
गंभीर रूप से घायल अधिकारी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हेलिकॉप्टर से ढाका ले जाया गया। उनका इलाज कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल में किया जा रहा है। सेना की ओर से अभी घायल अधिकारी की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है। हादसे के बाद फील्ड फायरिंग अभ्यास में सुरक्षा व्यवस्था और टैंक में विस्फोट की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। सैन्य अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना आखिर किन परिस्थितियों में हुई।
Read More
योगी सरकार का एक करोड़ महिलाओं के लिए बड़ी योजना, मिल सकता है 1-1 लाख रूपये

