विदेश से भारत में सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई, केरल(Mumbai, Kerala) और कोलकाता में किए गए अलग-अलग ऑपरेशनों में करीब 42 किलो विदेशी सोना और 10 किलो चांदी बरामद की गई है। जब्त किए गए सोने-चांदी की कुल कीमत 65 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इस मामले में 5 विदेशी नागरिकों समेत कुल 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच के दौरान अधिकारियों को तस्करी के अलग-अलग तरीके पता चले। आरोपी वाहनों में बनाए गए गुप्त खानों में सोना छिपाते थे। इसके अलावा शरीर पर सोना छिपाकर ले जाने, ट्रांजिट यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों की मदद लेने के साथ जमीन और समुद्र के रास्ते तस्करी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मुंबई एयरपोर्ट पर गिरोह का खुलासा
DRI ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पता लगाया। इस नेटवर्क में दुबई, बैंकॉक और माले जैसे स्थानों से मुंबई पहुंचने वाले कुछ विदेशी नागरिक शामिल थे।
अधिकारियों ने 16 कैप्सूल बरामद किए। इनमें मोम के रूप में करीब 6.85 किलो 24 कैरेट सोने का पाउडर मौजूद था। सोने को एयरपोर्ट से बाहर निकालने में मदद करने के आरोप में एक कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया गया। इस ऑपरेशन में कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
कोलकाता एयरपोर्ट पर भी कार्रवाई
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी DRI ने खुफिया सूचना के आधार पर दो कार्रवाई की। बैंकॉक और दुबई से आने वाले यात्रियों की जांच के दौरान सोना छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया।
दुबई से आए दो यात्रियों के अंडरगारमेंट्स और जींस में से सेमी-सॉलिड सोने का पेस्ट मिला। इससे करीब 4.87 किलो सोना बरामद हुआ। पेस्ट को पिघलाने के बाद सोने की बार तैयार कर जब्त की गई। दोनों आरोपियों को कस्टम्स एक्ट, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया।