ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में शामिल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। मैदान पर PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
चेन्नई में खेला जाएगा बिग बैश लीग का पहला मैच
इस दौरे के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को बढ़ाने के लिए एक अहम घोषणा की गई। इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की टी-20 प्रतियोगिता बिग बैश लीग (BBL) का शुरुआती मुकाबला चेन्नई में आयोजित होगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में खेला जाएगा। यह मुकाबला देशभर में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ‘जी-डे नमस्ते’ उत्सव का प्रमुख आकर्षण भी रहेगा, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे।
खेलों में साझेदारी बढ़ाने के लिए लॉन्च हुआ नया रोडमैप
MCG में आयोजित कार्यक्रम के दौरान PM मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ‘इंडिया-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप’ की शुरुआत की। PM मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल दोनों देशों को जोड़ने वाली मजबूत कड़ी है। उन्होंने बताया कि इस रोडमैप के तहत क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। साथ ही स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
मस्कट ‘रूबी द रू’ से भी की मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मैदान पर मौजूद युवा क्रिकेट खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका उत्साह बढ़ाया और उनकी जर्सी पर ऑटोग्राफ भी दिए। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक मस्कट ‘रूबी द रू’ से भी मुलाकात किए। इस दौरान PM मोदी, एंथनी अल्बनीज और स्टीव वॉ के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत भी हुई। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट और खेलों के बढ़ते सहयोग के लिहाज से इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Read More

