Baba Shri Amarnath Ji Yatra 2026: बाबा श्री अमरनाथ यात्रा जी की 2026 की औपचारिक शुरुआत सोमवार 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर होने वाली प्रथम पूजा के साथ होगी। पवित्र गुफा में आयोजित होने वाली यह विशेष पूजा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे। इस दौरान उनके साथ श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों और न्यास के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना भी है। इसके साथ ही प्रशासन ने यात्रा को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
न्यास के प्रतिनिधि हुए रवाना
प्रथम पूजा में शामिल होने के लिए बाबा श्री अमरनाथ व बाबा श्री बुड्डा अमरनाथ यात्री न्यास के महासचिव सुदर्शन खजूरिया समेत अन्य प्रतिनिधि रवाना हो चुके हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की ओर से सभी प्रतिनिधियों को बालटाल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। न्यास के प्रतिनिधिमंडल में कार्तिक सूदन, अपार शर्मा, नीशू गुप्ता, तरुण वर्मा और दीपक शर्मा भी शामिल हैं। परंपरा के अनुसार प्रथम पूजा हर वर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन ही संपन्न होती है।
3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा
बाबा श्री अमरनाथ जी की वार्षिक यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू होगी। यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी और इसका समापन रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को होगा। श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू स्थित यात्री निवास भगवती नगर आधार शिविर से 2 जुलाई को पहलगाम और बालटाल मार्ग के लिए रवाना किया जाएगा।
प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सरकार द्वारा नियुक्त 63 कैंप निदेशक और अतिरिक्त निदेशक अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। इसके अलावा यात्रा के संचालन के लिए दो नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार यात्रा मार्ग पूरी तरह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है।
126 लंगरों की मिली मंजूरी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहलगाम और बालटाल, दोनों यात्रा मार्गों पर कुल 126 लंगरों को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। इन लंगरों की स्थापना का कार्य अंतिम चरण में है और 30 जून तक सभी लंगर शुरू कर दिए जाएंगे। लंगरों के लिए आवश्यक सामान से भरे ट्रक लगातार बालटाल और पहलगाम पहुंच रहे हैं।
शिविरों तक पहुंचाया जा रहा सामान
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए शेड तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, बालटाल और पहलगाम से राशन तथा अन्य जरूरी सामग्री पवित्र गुफा और रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न शिविरों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। बता दें कि यात्रा को लेकर तमाम जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के अलावा उनकी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान श्रद्वालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसके लिए सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक का विशेष इंतजाम किया गया है।
Read More:

