आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज की अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री अकाल तख्त साहिब(Sri Akal Takht Sahib) की ओर से पार्टी के कुछ मंत्रियों और विधायकों को तलब किए जाने के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। CM मान ने कहा कि उनकी पार्टी श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा और सर्वोच्चता का पूरा सम्मान करती है तथा उसके निर्देशों का पालन किया जाएगा।
CM भगवंत सिंह मान ने बताया कि जिन मंत्रियों और विधायकों को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है वे तय समय पर वहां पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना जवाब सौंपेंगे। CM मान ने भरोसा दिलाया कि जो भी फैसला श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से लिया जाएगा उसे पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वीकार किया जाएगा।
पार्टी के मंत्री रखेंगे अपना पक्ष
CM भगवंत सिंह मान ने खुलकर कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से तलब नहीं किया गया है। इसी कारण इस मामले में सरकार की ओर से नहीं बल्कि पार्टी के संबंधित मंत्री और विधायक अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे।
वायरल वीडियो को लेकर कही ये बात
CM मान ने विवाद की वजह बने कथित वायरल वीडियो को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि वीडियो असली नहीं है बल्कि AI की मदद से तैयार किया गया है। उनके अनुसार इसमें डिजिटल एडिटिंग और मास्क का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मिले दस्तावेज और संबंधित वीडियो श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपे जाएंगे ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच हो सके।
श्री अकाल तख्त साहिब के सम्मान ने दोहराई ये बात
CM भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार और आम आदमी पार्टी का उद्देश्य कभी भी श्री अकाल तख्त साहिब जैसी सर्वोच्च धार्मिक संस्था के साथ किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं रहा है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी सिख पंथ की इस सर्वोच्च संस्था का पूरा सम्मान करती है और उसके हर निर्णय को मर्यादा के अनुरूप स्वीकार करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए पार्टी इस पूरे मामले में संयम, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपना पक्ष रखेगी।