प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) शुक्रवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उनका यह दौरा धार्मिक और प्रशासनिक दोनों ही तरह से महत्वपूर्ण रहा। वाराणसी में विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री देर शाम आध्यात्मिक कार्यक्रमों के लिए मंदिरों में पहुंचे।
CM योगी आदित्यनाथ ने अपने काशी प्रवास की शुरुआत काशी के रक्षक माने जाने वाले ‘काल भैरव’ मंदिर से की। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान भैरव से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि उन्होंने भी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में किए दर्शन
काल भैरव मंदिर के बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में प्रवेश कर पारंपरिक षोडशोपचार विधि से पूजा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश की खुशहाली, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे जिन्होंने “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को धार्मिक उत्साह से भर दिया।
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और संक्षिप्त रूप से उनसे संवाद किया। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच CM की मौजूदगी को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।