HomeBreaking Newsमध्य प्रदेश सरकार का बड़ा कदम, अब CBI करेगी ट्विशा शर्मा मामले...

मध्य प्रदेश सरकार का बड़ा कदम, अब CBI करेगी ट्विशा शर्मा मामले की जांच…

मध्य प्रदेश में चर्चित ट्विशा शर्मा(Twisha Sharma Case) मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। राज्य सरकार ने इस संवेदनशील प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश कर दी है। इस फैसले के बाद मामले की जांच को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि अब तथ्यों की गहराई से पड़ताल हो सकेगी और कई अहम पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को CBI को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के अंतर्गत राज्य सरकार ने CBI को पूरे मध्य प्रदेश में इस मामले की जांच करने के लिए आवश्यक अधिकार और क्षेत्राधिकार प्रदान कर दिए हैं। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जांच केवल मुख्य घटना तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि इससे जुड़े संभावित षड्यंत्र, दुष्प्रेरण और अन्य आपराधिक पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जाएगी।

परिवार ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया

इसी बीच मामले में एक और अहम घटनाक्रम सामने आया है। अभिनेत्री ट्विशा शर्मा के परिजनों ने उसके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। परिवार का आरोप है कि पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर खामियां हैं और कई महत्वपूर्ण तथ्यों को सही तरीके से दर्ज नहीं किया गया। परिजनों का मानना है कि दोबारा पोस्टमार्टम से मामले की सच्चाई सामने आने में मदद मिल सकती है।

परिवार की ओर से पेश हुए अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल स्थित एम्स में हुए पहले पोस्टमार्टम पर कई सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने अदालत में दायर याचिका में कहा है कि रिपोर्ट में तकनीकी और तथ्यात्मक कमियां मौजूद हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। वकील के अनुसार परिवार चाहता है कि स्वतंत्र मेडिकल विशेषज्ञों की निगरानी में फिर से पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि किसी भी तरह की आशंका को दूर किया जा सके।

उच्च न्यायालय में सुनवाई होने की संभावना

गौरतलब है कि इससे पहले भोपाल की एक अदालत ने ट्विशा शर्मा के शव के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था। अदालत के फैसले के बाद परिवार ने उच्च न्यायालय में अपील करने का फैसला लिया। अब इस याचिका पर अदालत में सुनवाई होने की संभावना है जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। उधर, पुलिस ने इस मामले में अभिनेत्री के पति समर्थ सिंह और उनकी सास, जो पूर्व न्यायाधीश रह चुकी हैं गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ट्विशा शर्मा मामले ने पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है, वहीं अब CBI जांच और हाईकोर्ट में दायर याचिका के बाद इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : अब लोन न चुकाने पर भी नहीं होगी बदतमीजी! RBI लाने जा रहा सख्त नियम…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments