आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की बड़ी कंपनियों में शामिल Anthropic शेयर बाजार में ऐतिहासिक शुरुआत करने जा रही है। कंपनी ने अपने IPO के लिए प्रति शेयर 83 डॉलर का भाव तय किया है। इस कीमत के आधार पर उसका वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है। इसके साथ ही Anthropic, SpaceX को पीछे छोड़कर शेयर बाजार में सबसे बड़े वैल्यूएशन के साथ डेब्यू करने वाली कंपनी बन जाएगी।
IPO से जुटाई गई रकम ने SpaceX को छोड़ा पीछे
Anthropic के मुताबिक, उसके IPO में कुल 98 करोड़ शेयर शामिल हैं। इनमें से करीब 95.6 करोड़ शेयर कंपनी ने जारी किए हैं, जबकि बाकी शेयर मौजूदा शेयरधारकों ने बेचे हैं। इस पेशकश से कुल 81 अरब डॉलर जुटाए गए हैं। इसके साथ Anthropic ने फंड जुटाने के मामले में SpaceX का पिछला रिकॉर्ड पार कर लिया है। SpaceX ने जून में अपने IPO के जरिए करीब 75 अरब डॉलर जुटाए थे। बाजार में उतार-चढ़ाव और AI कंपनियों के मूल्यांकन को लेकर उठ रहे सवालों के बावजूद Anthropic के शेयरों की मांग मजबूत बनी हुई है। Nvidia के CEO को हटाने और AI सेक्टर में संभावित बुलबुले की आशंकाओं ने टेक बाजार में अनिश्चितता बढ़ाई है।
नियामकीय जोखिम के बीच निवेशकों का भरोसा
कंपनी ने ऐसे समय में शेयर बाजार में उतरने का फैसला किया है, जब AI के बढ़ते प्रभाव को लेकर लोगों के बीच विरोध की भावना भी बढ़ रही है। इसके अलावा अगले साल डेमोक्रेटिक पार्टी के कांग्रेस में संभावित रूप से मजबूत होने पर नए नियामकीय कदम उठाए जाने की आशंका भी निवेशकों के लिए चिंता का विषय है। यॉर्कविल आइव्स एंड कंपनी के पार्टनर और सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर डैन आइव्स के मुताबिक, Anthropic के IPO को मिल रही प्रतिक्रिया टेक सेक्टर के लिए बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि Nvidia से जुड़े मुश्किल दौर के बाद इस पेशकश में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी दिख रही है। उनके अनुसार, IPO की कीमत से शेयरों की ऊंची मांग का पता चलता है।
6.2 अरब डॉलर का कर्ज और खर्च का बड़ा लक्ष्य
Anthropic के लिए सबसे बड़ी चुनौती उसकी वित्तीय स्थिति हो सकती है। कंपनी पर पहले से 6.2 अरब डॉलर का कर्ज है। अपनी फाइनेंशियल फाइलिंग में उसने इस कर्ज को काफी अधिक बताया है। साथ ही, मानक अकाउंटिंग नियमों के मुताबिक कंपनी फिलहाल मुनाफे में नहीं है। ऐसे में ब्याज और मूलधन चुकाने के लिए उपलब्ध संसाधनों पर दबाव बना रह सकता है। कंपनी के पास फिलहाल पर्याप्त नकदी है, लेकिन आने वाले वर्षों में उसके खर्च की योजनाएं बेहद बड़ी हैं।
Read More

