HomeBreaking Newsमुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का बदला जाएगा नाम, चैत्यभूमि होगी नई...

मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का बदला जाएगा नाम, चैत्यभूमि होगी नई पहचान

मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब चैत्यभूमि किया जाएगा, लेकिन दादर रेलवे स्टेशन का नाम पहले की तरह ही रहेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर दी। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दादर के उपनगरीय रेलवे स्टेशन का नाम भी बदलने की खबरें सामने आ रही थीं। इसे लेकर भ्रम के साथ राजनीतिक विरोध भी शुरू हो गया था।

6 दिसंबर से पहले नाम बदलने पर सरकार ने दी सफाई

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह स्पष्टीकरण डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिया। हर साल 6 दिसंबर को बड़ी संख्या में आंबेडकर अनुयायी दादर स्थित चैत्यभूमि पहुंचते हैं। इस बार करीब 15 लाख लोगों के आने की संभावना जताई गई है। सरकार के फैसले के मुताबिक, बदलाव केवल मेट्रो स्टेशन के नाम में होगा। दादर उपनगरीय रेलवे स्टेशन का नाम नहीं बदला जाएगा। इस घोषणा से उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें दोनों स्टेशनों का नाम बदलने की बात कही जा रही थी।

मेट्रो स्टेशनों के नाम तय करने के लिए बनी समिति

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में मेट्रो रेलवे स्टेशनों के नाम रखने और पुराने नाम बदलने से जुड़े सुझाव देने के लिए एक समिति गठित की है। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अलावा मुंबई, नागपुर और पुणे जैसे मेट्रो शहरों के सांसद, विधायक और मेयर भी इसमें शामिल होंगे। समिति का उद्देश्य अलग-अलग शहरों के मेट्रो स्टेशनों के नाम तय करने के लिए एक व्यवस्थित प्रक्रिया तैयार करना है।

इतिहास और स्थानीय भावनाओं का ध्यान

सरकार की ओर से जारी आदेश में नाम तय करने के लिए कई मानक निर्धारित किए गए हैं। समिति को सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और भौगोलिक पहचान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ऐसे नामों से बचने को कहा गया है, जिनसे मिलते-जुलते नामों के कारण यात्रियों को भ्रम हो सकता है। नाम आसानी से बोला और समझा जा सके, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।

Read More

2027 में मलेशिया घूमना होगा महंगा, जनवरी से भारतीयों के लिए वीजा-फ्री एंट्री खत्म

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments