नए साल में मलेशिया घूमने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मलेशिया सरकार ने भारतीय नागरिकों को मिलने वाली वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा समाप्त करने का फैसला किया है। नया नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसके बाद मलेशिया जाने वाले भारतीयों को यात्रा से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा। मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने इस संबंध में 17 नवंबर को आधिकारिक नोटिस जारी किया है।
1 जनवरी से वीजा जरूरी
इमिग्रेशन विभाग के नोटिस के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 या उसके बाद मलेशिया पहुंचने वाले सभी भारतीय नागरिकों के पास पहले से जारी वैध वीजा होना चाहिए। यानी अब भारतीय यात्री बिना वीजा के मलेशिया में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यात्रियों को नए नियम के तहत आवेदन करने का मौका देने के लिए 1 दिसंबर 2026 से ऑनलाइन वीजा प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीय नागरिक मलेशिया के MyVISA पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में नए साल में यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों को टिकट और होटल बुकिंग के साथ वीजा की प्रक्रिया भी समय रहते पूरी करनी होगी।
7 दिन में अधूरा आवेदन हुआ एक्सपायर
मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने वीजा आवेदन को लेकर भी सख्त नियम बनाए हैं। अगर कोई आवेदन 7 कार्यदिवस तक अधूरी जानकारी या लंबित भुगतान की स्थिति में रहता है, तो वह अपने आप एक्सपायर हो जाएगा। इसके बाद आवेदक को पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू करनी होगी। यह नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है। इसकी खास बात यह है कि यह 1 सितंबर 2026 से पहले जमा किए गए आवेदनों पर भी लागू होगा। इसके अलावा वीजा प्रोसेसिंग फीस को नॉन-रिफंडेबल रखा गया है। यानी आवेदन मंजूर हो या खारिज, जमा की गई रकम वापस नहीं मिलेगी। पॉलिसी में बदलाव या यात्रा की योजना रद्द होने पर भी फीस लौटाने का प्रावधान नहीं है।
मेडिकल खर्च खुद उठाने होंगे
वीजा नियमों के अलावा मलेशिया ने यात्रा और स्वास्थ्य बीमा को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। इमिग्रेशन विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ऐसा ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लें, जो मलेशिया में उनके पूरे प्रवास को कवर करे। विभाग के मुताबिक, मलेशिया में इलाज और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च गैर-निवासी यात्रियों को खुद उठाना होगा। वहीं, 1 सितंबर 2026 से 31 देशों के नागरिकों के लिए मल्टीपल-एंट्री वीजा की सुविधा भी सीमित की गई है। अब यह वीजा मुख्य रूप से बिजनेस, मेडिकल ट्रीटमेंट, वेडिंग टूरिज्म और फ्लाई-एंड-क्रूज यात्रियों को दिया जा रहा है। ऐसे में मलेशिया जाने वाले भारतीयों को यात्रा से पहले वीजा और बीमा से जुड़े सभी नियमों की जानकारी लेना जरूरी होगा।
Read More
रूसी हथियारों को अमेरिकी सांसद ने बता दिया कबाड़… कहा – भारत हम से खरीदे हथियार

