Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर तूल पकड़ रहा है। CBI द्वारा मामले में FIR दर्ज किए जाने के बाद अभिनेता सूरज पंचोली का नाम भी चर्चा में आया। अब सूरज पंचोली ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी कर इस मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
सूरज ने दोनों दावों को किया खारिज
सूरज पंचोली ने कहा कि वह अपनी जिंदगी में कभी दिशा सालियान से नहीं मिले और न ही उन्होंने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे से मुलाकात की है। उन्होंने मामले में अपना नाम जोड़े जाने को अन्यायपूर्ण और बेहद परेशान करने वाला बताया है।
‘न कभी दिशा से मिला, न आदित्य को जानता हूं’- सूरज
सूरज पंचोली ने लिखा- ”मैं यह बहुत साफ और जोर देकर कहना चाहता हूं कि मैं अपनी जिंदगी में कभी भी दिवंगत दिशा सालियान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नहीं मिला हूं। इसके अलावा, मैं अपनी जिंदगी में कभी भी शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे से भी नहीं मिला हूं।”
इतने साल चुप क्यों रहे सूरज?
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने अब तक अपने बारे में प्रकाशित रिपोर्टों या खबरों पर रिएक्शन देने से बचने की कोशिश की। उनका कहना था कि हर दावे का जवाब देने से मामला और अधिक तूल पकड़ सकता था। हालांकि, जब लगातार उनका नाम इस मामले से जोड़ा जाता रहा तो उन्हें लगा कि कुछ तथ्यों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना जरूरी है।
सबूत जांचने की अपील
सूरज ने लोगों से अपील की कि किसी व्यक्ति के बारे में कोई दावा करने से पहले उससे जुड़े सबूत और तथ्यों की जांच की जानी चाहिए। उनका कहना है कि बिना पुष्टि के किसी का नाम किसी मामले से जोड़ना उचित नहीं है।
CBI और मुंबई पुलिस कर चुकी हैं पूछताछ
सूरज पंचोली ने बताया कि इस मामले में CBI और मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी हैं। उनके मुताबिक, करीब चार से पांच साल पहले ही उनका आधिकारिक बयान दर्ज किया जा चुका था। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वे पूरी तरह बेगुनाह हैं।
जांच में सहयोग का भरोसा
अभिनेता ने कहा कि अगर भविष्य में कोई जांच एजेंसी उनसे दोबारा पूछताछ करना चाहती है या अतिरिक्त जानकारी मांगती है, तो वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
‘हेडलाइन या डिबेट कोई सबूत नहीं होते’- सूरज
सूरज ने बिना ठोस सबूत के उनके खिलाफ दावे किए जाने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की दुखद मौत को आधार बनाकर बिना प्रमाण किसी दूसरे व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा- ‘कोई हेडलाइन सबूत नहीं होती। टीवी पर होने वाली डिबेट कोई सबूत नहीं होती।’
झूठी कहानियों की जांच की मांग
सूरज ने प्रशासन और जांच अधिकारियों से उन लोगों के खिलाफ भी जांच करने का आग्रह किया, जो उनके मुताबिक उनके खिलाफ ‘दुर्भावनापूर्ण प्रचार और झूठी कहानियां’ गढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें देश की कानून व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है और सत्य की ही जीत होगी।
सुशांत केस से भी जुड़ा रहा है मामला
दिशा सालियान की मौत का मामला अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े विवाद के कारण लंबे समय से सार्वजनिक चर्चा में रहा है। अब CBI की FIR के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है और इसी बीच सूरज पंचोली का यह बयान सामने आया है।
Read More:
पंजाब चुनाव से पहले बादल परिवार को बड़ा झटका, चचरे भाई हुए भाजपा में शामिल

