HomeBreaking Newsपंजाब की महिलाओं को बड़ा तोहफा! CM मान ने लॉन्च की 'मावां-धीयां...

पंजाब की महिलाओं को बड़ा तोहफा! CM मान ने लॉन्च की ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’, खातों में पहुंचे 4500 रुपये

Mavan-Dhiyan Satkar Yojana launched: पंजाब की महिलाओं के लिए बुधवार का दिन खास रहा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धुरी से ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत कर दी है। योजना के शुभारंभ के साथ ही महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ भेज दी गई है। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं से किए गए वादों में शामिल इस योजना के तहत महिलाओं के सीधे बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि महिलाओं के मोबाइल पर 4500 रुपये जमा होने का संदेश भी पहुंच गया है।

किसे कितनी मिलेगी राशि?

योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से तीन महीने के लिए कुल 3,000 रुपये दिए गए हैं। वहीं अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से तीन महीने की कुल 4,500 रुपये की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है। राज्य सरकार के अनुसार अब तक करीब 50 लाख महिलाओं ने इस योजना के लिए पंजीकरण कराया है। जो महिलाएं बाद में पंजीकरण कराएंगी, उन्हें भी पात्रता के आधार पर योजना का लाभ मिलेगा।

पेंशन पाने वाली महिलाएं भी होंगी पात्र

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही साफ कर चुके हैं कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी। राज्य सरकार का अनुमान है कि पंजाब की लगभग 97% महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा। इसके लिए साल 2025-26 के बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकार ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई है, बिना भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, सड़कों का विकास किया गया है और कई टोल प्लाजा बंद कर प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है।

AAP संयोजक केजरीवाल ने बताया बड़ा दिन

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज पंजाब की माताओं और बहनों के लिए बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पंजाब का सारा सरकारी पैसा लोगों तक पहुंचाया है।

सेहत और सिंचाई योजनाओं का भी जिक्र

मुख्यमंत्री मान ने सिंचाई व्यवस्था में हुए सुधार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के समय नहरों के पानी का उपयोग केवल 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने बताया कि गांवों के विकास के लिए नियमित रूप से अनुदान जारी किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब के हरेक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री मान के अनुसार अब तक इस योजना के जरिए लोग 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त उपचार प्राप्त कर चुके हैं।

Read More:

ब्रह्मा-विष्णु-महेश की नगरी में सावन से पहले महासंयोग, श्री त्र्यंबकेश्वर के 65 फीट गहरे अमृतकुंड से प्रकट हुए महादेव! वीडियो वायरल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments