Germany Shooting: जर्मनी के उत्तरी शहर स्टाडे में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में 6 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध हमलावर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां अब इस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। यह गोलीबारी हैम्बर्ग के पश्चिम में मौजूद करीब 50 हजार आबादी वाले स्टाडे शहर में हुई।
हमलावर समेत हिरासत में दो लोग
अधिकारियों के अनुसार, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच अभी जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। इसके अलावा एक और व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि दूसरे हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका अभी साफ नहीं है। पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में कोई अन्य संदिग्ध फरार नहीं है।
लोगों से दूर रहने की अपील
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में मारे गए सभी छह लोग वयस्क थे। घटना के तुरंत बाद ल्यूनेबर्ग पुलिस मुख्यालय ने इलाके के लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की थी, ताकि आपातकालीन सेवाएं और सुरक्षाबल इलाके को सुरक्षित कर सकें।
घटनास्थल को लेकर फैली अफवाहों का पुलिस ने किया खंडन
स्थानीय मीडिया में शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि गोलीबारी स्टाडे शहर के केंद्र में स्थित एक यूथ सेंटर के पास हुई। हालांकि, पुलिस प्रवक्ता ने इन खबरों का खंडन किया और घटना की सटीक लोकेशन बताने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान या गोलीबारी की वजह से जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
स्वीडन में भी हाल के महीनों में बढ़ी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले 30 अप्रैल को स्वीडन के उप्साला में वक्साला स्क्वायर के पास एक हेयर सैलून में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। शूटर स्कूटर पर सवार होकर भाग गया था। स्वीडन में हाल के सालों में गोलीबारी और हमलों की संख्या बढ़ी है। सरकार ने कहा कि वह देश के गन लॉ को सख्त करना चाहती है। इस साल फरवरी में भी, स्वीडन के ओरेब्रो शहर में एक एजुकेशन सेंटर में गोलीबारी की घटना में 10 लोग मारे गए थे।
Read More:

