भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली(Sourav Ganguly) अब मनोरंजन की दुनिया में एक नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। लंबे टाइम के बाद लौट रहे फेमस रियलिटी शो ‘बिग बॉस बांग्ला’ के तीसरे सीजन की मेजबानी गांगुली करेंगे। शो का ऑफिशियल प्रोमो लॉन्च कर दिया गया है जिसे दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस ऐलान के बाद बंगाली दर्शकों के बीच शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘बिग बॉस बांग्ला’ का नया सीजन स्टार जलशा पर प्रसारित किया जाएगा। हिंदी में जिस तरह सलमान खान अपनी खास तरीके से प्रतियोगियों का मार्गदर्शन करते हैं उसी तरह अब बंगाली में यह जिम्मेदारी सौरव गांगुली निभाएंगे। जारी किए गए प्रोमो में गांगुली को कोलकाता के फेमस ईडन गार्डन्स में आत्मविश्वास से भरे अंदाज में दिखाया गया है। प्रोमो में उनका संदेश यह संकेत देता है कि वह इस शो को यादगार बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
होस्टिंग में पहले से है Experience
सौरव गांगुली के लिए यह कोई पहला टीवी शो नहीं है। वह इससे पहले भी छोटे पर्दे पर अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। उन्होंने फेमस बंगाली गेम शो ‘दादागिरी’ को कई सालों तक होस्ट किया है। उनकी अलग अंदाज, आत्मविश्वास और लोगों से जुड़ने की कला ने उन्हें टीवी की दुनिया में भी एक अलग पहचान दिलाई है। अब फैंस उन्हें ‘बिग बॉस बांग्ला’ में नए अंदाज में देखने के लिए उत्साहित हैं।
कैसा रहा ‘बिग बॉस बांग्ला’ का सफर?
‘बिग बॉस बांग्ला’ का पहला सीजन साल 2013 में प्रसारित हुआ था जिसको एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने होस्ट किया था। इसके बाद 2016 में दूसरे सीजन के लिए बंगाली अभिनेता जीत को होस्ट बनाया गया। दूसरे सीजन के बाद शो का टेलीकास्ट बंद हो गया था। अब करीब एक दशक बाद यह रियलिटी शो नए स्वरूप और नए होस्ट के साथ दर्शकों के बीच वापसी कर रहा है।