Tuesday, March 3, 2026
Home Current News बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में बढ़ेगा विशेष पूजा शुल्क, बोर्ड में जल्द...

बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में बढ़ेगा विशेष पूजा शुल्क, बोर्ड में जल्द रखा जाएगा प्रस्ताव

Badrinath and Kedarnath
Advertisement

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा से पहले बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना के शुल्क में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। इस विषय पर बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की प्रस्तावित बोर्ड बैठक में चर्चा होगी। बैठक में प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

हर वर्ष इन दोनों धामों में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दर्शन व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहती है, लेकिन विशेष पूजा कराने के लिए समिति द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है। अब इन्हीं निर्धारित दरों में संशोधन की संभावना जताई जा रही है।

केदारनाथ धाम में वर्तमान विशेष पूजा शुल्क

केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं तक 7,200 रुपये शुल्क निर्धारित है। अभिषेक पूजा के लिए 9,500 रुपये, लघु रुद्राभिषेक के लिए 6,100 रुपये और षोडशोपचार पूजा के लिए 5,500 रुपये लिए जाते हैं। अष्टोपचार पूजा का शुल्क पांच श्रद्धालुओं के लिए 950 रुपये है, जबकि पूरे दिन की विशेष पूजा के लिए 28,600 रुपये निर्धारित हैं।

बद्रीनाथ धाम में वर्तमान पूजा दरें

बद्रीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के लिए प्रति श्रद्धालु 4,700 रुपये और अभिषेक पूजा के लिए 4,500 रुपये शुल्क तय है। पूरे दिन की पूजा के लिए 12,000 रुपये तथा श्रीमद्भागवत पाठ के लिए 51,000 रुपये निर्धारित किए गए हैं। बीकेटीसी इन शुल्कों में संभावित बढ़ोतरी पर विचार कर रही है।

यदि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो आगामी यात्रा सत्र से नई दरें लागू की जा सकती हैं। हालांकि, सामान्य दर्शन की व्यवस्था पहले की तरह निःशुल्क ही जारी रहेगी। इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 24 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

यह भी पढ़ें : जालंधर में डॉक्टर के घर हुई जोरदार फायरिंग, विदेश से मिला टारगेट…