Advertisement
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान से जुड़े दो ड्रोन ने दूतावास परिसर को निशाना बनाया। इस घटना के बाद अमेरिका ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और कई देशों से अपने गैर-जरूरी कर्मचारियों व उनके परिवारों को तत्काल निकलने का आदेश दिया है।
कुवैत दूतावास बंद
हमले के बाद अमेरिका ने कुवैत में स्थित अपने दूतावास को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने जॉर्डन, बहरीन, इराक, कतर और कुवैत से गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिजनों की अनिवार्य निकासी का निर्देश जारी किया है।
व्हाइट हाउस के अनुसार, इन देशों में ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा लगातार बना हुआ है। इराक में हिंसा और अपहरण का जोखिम ज्यादा बताया गया है, जबकि जॉर्डन और बहरीन में संभावित आतंकी हमलों की आशंका जताई गई है। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद यह पहला बड़ा निकासी आदेश है।
रियाद दूतावास पर क्या हुआ?
मंगलवार तड़के रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन ने हमला किया। हमले के बाद परिसर में आग लग गई और मामूली नुकसान हुआ। लोगों ने धमाके की आवाज और काला धुआं उठते देखने की बात कही। हालांकि उस समय दूतावास खाली था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कुल चार ड्रोन को इंटरसेप्ट किया।
नागरिकों को जल्द क्षेत्र छोड़ने की सलाह
अमेरिकी प्रशासन ने मिडिल ईस्ट में मौजूद अपने नागरिकों से व्यावसायिक उड़ानों के जरिए जल्द से जल्द क्षेत्र छोड़ने की अपील की है। हालांकि कई एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से उड़ानें रद्द कर दी हैं, जिससे निकासी प्रक्रिया जटिल हो गई है। फिलहाल अमेरिकी सरकार ने विशेष निकासी उड़ानों की घोषणा नहीं की है, लेकिन हालात पर नजर रखी जा रही है।
Read More
















